BJP: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए के चुनावी अभियान को शुरू करने से पहले प्रधानमंत्री ने राज्य की सत्तारूढ़ द्रमुक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट डीएमके सरकार को हटाने का वक्त आ गया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि तमिलनाडु के लोगों ने आगामी विधानसभा चुनाव में 'भ्रष्ट' द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) सरकार को अलविदा कहने का फैसला कर लिया है। एनडीए की शासन की शैली और क्षेत्र की आकांक्षाओं के प्रति उसकी प्रतिबद्धता राज्य के लोगों के दिलों को छू रही है। प्रधानमंत्री ने मदुरंतकम में एनडीए के लिए चुनाव अभियान की शुरुआत करने से पहले यह बात कही।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में क्या कहा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा, तमिलनाडु राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ है। मैं आज मदुरंतकम में एनडीए के नेताओं के साथ रैली में शामिल हो रहा हूं। तमिलनाडु ने तय कर लिया है कि भ्रष्ट डीएमके सरकार को अब अलविदा कहने का समय आ गया है। एनडीए की शासन शैली और क्षेत्रीय आकांक्षाओं के प्रति प्रतिबद्धता लोगों के बीच गूंज रही है।
विज्ञापन
पीएम मोदी विधानसभा चुनाव के लिए आज एनडीए के चुनाव अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस महारैली में एनडीए के नेता शामिल होंगे, जिनमें इसके मुख्य घटक एआईएडीएमके के महासचिव ई के पलानीस्वामी भी भाग लेंगे। इन हाई-वोल्टेज चुनाव में प्रधानमंत्री डीएमके सरकार के खिलाफ अभियान तेज करेंगे।
भाजपा के तमिलनाडु चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने क्या कहा?
वहीं, भाजपा के तमिलनाडु चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा कि यह एनडीए के चुनाव अभियान की शुरुआत है और यह डीएमके के भ्रष्ट शासन को समाप्त करने और हर वर्ग के लिए अच्छे शासन, अवसर और समृद्धि लाने की दिशा में पहला कदम है। उन्होंने कहा, इस बार एनडीए तमिलनाडु में उभरेगा।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए मदुरंतकम में कड़ा सुरक्षा इंतजाम किया गया है। उनके हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए चेंगलपट्टु जिले के पास हेलीकॉप्टर लैंडिंग क्षेत्र तैयार किया गया है।