तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने अपने प्रचार अभियान की शुरुआत की और एआईएडीएमके प्रमुख पलानीस्वामी पर निशाना साधा। उन्होंने एनडीए पर आरोप लगाया कि वह तमिलनाडु के विकास को रोकने और द्रविड़ मॉडल को खत्म करने का प्रयास कर रहा है। पढ़िए रिपोर्ट-
तमिलनाडु में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने बुधवार को अपने प्रचार अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने एआईएडीएमके प्रमुख पलानीस्वामी पर निशाना साधा। स्टालिन ने कहा कि पलानीस्वामी ऐसे नेता हैं, जिनके पास दूरदृष्टि या समझ नहीं है।
विज्ञापन
तमिलनाडु के विकास में बाधा डालना एनडीए का मकसद: स्टालिन
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के अध्यक्ष स्टालिन ने अपनी पार्टी और सहयोगी दलों के उम्मीदवारों को औपचारिक रूप से पेश किया और उनके लिए समर्थन मांगा। स्टालिन ने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का एकमात्र मकसद तमिलनाडु के विकास में बाधा डालना है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए का मकसद द्रविड़ मॉडल के तहत किए गए विकास को नष्ट करना है।
'चुनाव तमिलनाडु और दिल्ली-एनडीए के बीच की लड़ाई'
उन्होंने कहा, यही एनडीए का मकसद है। एनडीए का नेतृत्व करने वाली भाजपा ने एआईएडीएमके को इसलिए खरीदा है, क्योंकि तमिलनाडु में उनके पास हमारा विरोध करने की ताकत नहीं है। एनडीए तमिलनाड में हारने के लिए है। विधानसभा चुनाव तमिलनाडु और दिल्ली-एनडीए के बीच की लड़ाई है।
उन्होंने कहा, भाजपा ने पलानीस्वामी को डराकर अपने गुलाम गठबंधन में एआईएडीएमके को काबू में कर लिया है। डीएमके की रैली के बाद मुख्यमंत्री स्टालिन ने तिरुवरूर की सड़कों पर टहल रहे लगों और से बातचीत की और वोट मांगे।