तृणमूल कांग्रेस मानसून का सीजन खत्म होने के बाद महानगर के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित एक रैली में केंद्र की एनडीए सरकार की नीतियों का विरोध करने वाले तमाम राजनीतिक दलों को न्योता देंगी। मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी में पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी। ध्यान रहे कि ममता अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों के साथ मिल कर एक भाजपा-विरोधी मोर्चा के गठन का प्रयास कर रही हैं। इससे इन कयासों को भी बल मिला है कि ममता विपक्षी महागठजोड़ का चेहरा बनने की तैयारी में हैं।
ममता ने कहा कि मानसून खत्म हो जाने के बाद तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक रैली का आयोजन किया जाएगा जिसके लिए तमाम भाजपा-विरोधी दलों के नेताओं को न्योता दिया जाएगा। लेकिन उन्होंने रैली को कोई तारीख नहीं बताई।
कांग्रेस व माकपा नहीं होंगे शामिल
इस बीच, प्रदेश कांग्रेस व माकपा नेताओं ने कहा है कि वे तृणमूल कांग्रेस की ओर से आयोजित ऐसी किसी रैली में शामिल नहीं होंगे। माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने यहां कहा कि ममता देश में भाजपा-विरोधी आंदोलन की नेता के तौर पर उबरने का प्रयास कर रही है जबकि बंगाल में उनकी सरकार लोकतंत्र की हत्या करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि पार्टी (माकपा) का रुख साफ है। वह केंद्र में भाजपा-विरोधी है और बंगाल में तृणमूल कांग्रेस-विरोधी।