फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Monsoon Session: पीएम मोदी से मिले TMC के बागी नेता सुदीप बंद्योपाध्याय, लोकसभा में अलग बैठने की मिली मंजूरी

Sat, 18 Jul 2026 10:11 PM IST
राहुल कुमार पीटीआई, नई दिल्ली

सार

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के बागी गुट के नेता और वरिष्ठ सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब लोकसभा अध्यक्ष ने बागी गुट को अलग बैठने की मंजूरी दे दी है। 
विज्ञापन
तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट के नेता सुदीप बंद्योपाध्याय और पीएम मोदी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

संसद के मानसून सत्र की शुरुआत सोमवार से हो रही है। केंद्र सरकार ने सत्र की शुरुआत से एक दिन पहले रविवार (19 जुलाई, 2026) को लोकसभा और राज्यसभा में सभी राजनीतिक पार्टियों के फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाई है। इस बैठक के लिए टीएमसी के बागी गुट को भी न्योता भेजा गया था। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट के नेता सुदीप बंद्योपाध्याय ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इसी दिन लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने उनके गुट को मूल पार्टी से अलग बैठने की मंजूरी दी थी।

विज्ञापन


स्पीकर के फैसले पर ऋतब्रत बनर्जी ने क्या कहा?
इस फैसले के समय दिल्ली में मौजूद पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने कहा, संसद के मानसून सत्र से मेरा कोई संबंध नहीं है; मैं सांसद नहीं हूं। हालांकि, सोमवार से सत्र अवश्य होगा।बंगाल में हमारा विधानसभा सत्र भी चल रहा है। 17 तारीख को शुरू हुआ सत्र 25 तारीख तक चलेगा, इसलिए मैं कल या परसों वापस लौट जाऊंगा। लोकसभा अध्यक्ष के एनसीपीआई में शामिल हुए 20 बागी टीएमसी सांसदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था को मंजूरी देने पर उन्होंने कहा, स्पीकर सदन के संरक्षक हैं। एनसीपीआई में शामिल होने वाले लोग हमारे सहयोगी थे। उन 20 लोगों ने सामूहिक रूप से व्यक्तिवादी राजनीति के खिलाफ एक सामूहिक रुख अपनाया है... लेकिन विशेष रूप से तृणमूल कांग्रेस के भीतर तानाशाही, निरंकुशता और फासीवाद के संबंध में, आप देख सकते हैं कि राज्यसभा में क्या हो रहा है। चार सदस्य पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। लोकसभा के 20 सांसदों ने अलग बैठने का निर्णय लिया और अध्यक्ष को पत्र लिखा। अध्यक्ष सदन के संरक्षक हैं, ऐसे में उनका निर्णय अंतिम होगा।

काकोली घोष दस्तिदार मुख्य सचेतक 
शनिवार को वरिष्ठ सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने उन्हें 20 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र से पहले 19 जुलाई को होने वाली सर्वदलीय बैठक में भी आमंत्रित किया है। इससे पहले 14 जुलाई को सुदीप बंद्योपाध्याय और सांसद काकोली घोष दस्तिदार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर बताया था कि सुदीप बंद्योपाध्याय बागी गुट के नेता सदन और काकोली घोष दस्तिदार मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) होंगी।
विज्ञापन


लोकसभा अध्यक्ष ने फिलहाल 20 बागी सांसदों को टीएमसी से अलग बैठने की मंजूरी दे दी है। हालांकि, एनसीपीआई में उनके विलय को औपचारिक मान्यता देने पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि बागी टीएमसी सांसदों की एनसीपीआई के हिस्से के रूप में मान्यता देने की मांग पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और मामला अभी विचाराधीन है। बागी गुट ने नरेंद्र मोदी सरकार के प्रति अपना समर्थन भी जताया और सत्ताधारी एनडीए में शामिल होने की इच्छा जाहिर की। संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा और 13 अगस्त तक चलेगा।

रिजिजू ने एनसीपीआई के फ्लोर लीडर को बैठक के लिए बुलाया
संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने नेशनल सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) के नेता सुदीप बंद्योपाध्याय को पत्र लिखकर 19 जुलाई को होने वाली सर्वदलीय फ्लोर लीडर्स की बैठक में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। रिजिजू ने अपने पत्र में कहा कि उन्हें जानकारी है कि सुदीप बंद्योपाध्याय समेत 20 सांसद हाल ही में नेशनल सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में शामिल हुए हैं। पार्टी ने लोकसभा अध्यक्ष से आधिकारिक मान्यता देने का अनुरोध भी किया है, जो फिलहाल उनके विचाराधीन है।

पत्र में संसदीय कार्य मंत्री ने लिखा कि आगामी मानसून सत्र के दौरान संसद में उठाए जाने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों और विधायी कार्यों पर चर्चा के लिए लोकसभा और राज्यसभा के विभिन्न राजनीतिक दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक रविवार, 19 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे संसद भवन एनेक्सी के मुख्य समिति कक्ष (मेन कमेटी रूम) में आयोजित होगी।

किरण रिजिजू ने पत्र में सुदीप बंद्योपाध्याय से संसद के दोनों सदनों के सुचारु संचालन में सहयोग की अपील की है। उन्होंने एनसीपीआई की नामित मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) डॉ. काकोली घोष दस्तीदार से भी बैठक में शामिल होने का अनुरोध किया है। पत्र के अंत में रिजिजू ने दोनों नेताओं की बैठक में भागीदारी की उम्मीद जताते हुए उन्हें सादर आमंत्रित किया है। यह बैठक संसद के मानसून सत्र से पहले सरकार और विपक्ष के बीच संवाद स्थापित करने तथा सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें