चुनाव प्रचार के दौरान चोटिल हुईं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार रात को पंचायत चुनावों में टीएमसी की शानदार जीत के लिए पश्चिम बंगाल के लोगों को धन्यवाद दिया। बनर्जी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘ग्रामीण बंगाल में हर तरफ टीएमसी है। मैं तृणमूल कांग्रेस के प्रति लोगों के प्यार, स्नेह और समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहती हूं। इस चुनाव ने साबित कर दिया है कि केवल टीएमसी ही राज्य के लोगों के दिल में रहती है।
इस चुनाव को सभी पार्टियों ने गंभीरता से लड़ा है क्योंकि वे इसे वर्ष 2024 संसदीय चुनाव में हवा के रुख का आकलन करने के लिए संकेतक मान रही हैं। पश्चिम बंगाल में शनिवार को हुए पंचायत चुनाव में व्यापक पैमाने पर हिंसा हुई थी, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें 11 तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए थे। पिछले महीने पंचायत चुनाव की घोषणा के बाद से राजनीतिक हिंसा संबंधी घटनाओं में मरने वालों की संख्या 33 हो गई है, जिनमें से 60 प्रतिशत सत्तारूढ़ दल से ताल्लुक रखते थे।
विभिन्न पार्टियों द्वारा मतदान में छेड़छाड़ और हिंसा के आरोप लगाए जाने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने सोमवार को 696 सीट के लिए दोबारा मतदान कराया जो कुल मिलाकर शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। कलकत्ता उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद चुनाव और मतगणना के दिन केंद्रीय बलों की तैनाती की गई । पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनाव में हिंसा का लंबा इतिहास रहा है, जिसमें 2003 के पंचायत चुनावों के दौरान मतदान के एक ही दिन में 40 लोग मारे गए, लेकिन इस साल की चुनावी हिंसा को मीडिया ने बड़े पैमाने पर कवर किया जिसकी वजह से राष्ट्रीय स्तर पर लोगों का इस पर ध्यान गया।