असम के सिलचर एयरपोर्ट पर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के साथ धक्कामुक्की और उनको हिरासत में लेने के विरोध में पार्टी ने शनिवार को यहां पूरे राज्य में काला दिवस मनाया। विरोध प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहेगा।
यहां विभिन्न जिलों में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतर कर केंद्र और असम की भाजपा सरकारों के प्रति विरोध जताया और नारेबाजी की। ध्यान रहे कि बृहस्पतिवार को कछार जिले की जमीनी परिस्थिति का जायजा लेने वहां गए तृणमूल कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल को एयरपोर्ट से बाहर नहीं निकलने दिया गया और कथित रूप से उनके साथ धक्कामुक्की भी की गई।
रातभर एयरपोर्ट पर ही हिरासत में रहने के बाद यह प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को यहां लौटा। तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने देश के हालात की तुलना सुपर इमरजेंसी से की है। उन्होंने कहा कि सांसदों और विधायकों के साथ ऐसा व्यवहार लोकतंत्र के खिलाफ है।