टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी चोटिल हुए
- फोटो : पीटीआई
वक्फ बिल को लेकर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की बैठक में हाल ही में तृणमूल कांग्रेस नेता कल्याण बनर्जी और भाजपा सांसद अभिजीत गंगोपाध्याय के बीच झड़प की खबर सामने आई थी। इस झड़प में बनर्जी चोटिल हो गए थे। अब इस पूरे मामले पर टीएमसी नेता ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि गंगोपाध्याय मेरे परिवारवालों को गाली दे रहे थे, मगर उस समय जेपीसी के अध्यक्ष वहां नहीं थे।
मेरे परिवारवालों को दी गाली: टीएमसी सांसद
बनर्जी ने कहा, 'मैं नियमों और विनियमों का बहुत सम्मान करता हूं। दुर्भाग्य से, अभिजीत गंगोपाध्याय ने नियमों का उल्लंघन करते हुए प्रेस के सामने मेरे खिलाफ कुछ आरोप लगाए थे। उस दिन सबसे पहले नसीर और अभिजीत गंगोपाध्याय के बीच तीखी बहस हुई। उस समय मैंने पूछा कि आखिर वह (अभिजीत गंगोपाध्याय) चिल्ला क्यों रहे हैं। फिर उन्होंने मुझे, मेरी मां, मेरे पिता और मेरी पत्नी को गाली देना शुरू कर दिया। उस समय जेपीसी अध्यक्ष वहां नहीं थे।'
'मेरा कभी अध्यक्ष पर बोतल फेंकने का इरादा नहीं था'
टीएमसी नेता ने आगे कहा, 'अध्यक्ष के आने के बाद वे मेरे प्रति कठोर थे, लेकिन उनके प्रति नरम थे। इससे मेरे अंदर निराशा पैदा हुई। फिर, मैंने मेज पर (कांच की) बोतल को तोड़ दिया। मेरा कभी भी अध्यक्ष पर बोतल फेंकने का इरादा नहीं था। अध्यक्ष के पास सदस्य को निलंबित करने का अधिकार नहीं है, केवल स्पीकर के पास है।'
क्या है मामला?
वक्फ बिल को लेकर संयुक्त संसदीय समिति की बैठक में हुई झड़प में कल्याण बनर्जी चोटिल हो गए थे। सामने आया था कि जेपीसी की बैठक में दोनों नेताओं के बीच हुई तीखी झड़प के दौरान कल्याण बनर्जी ने कांच की बोतल फोड़ दी, जिससे उनके हाथ में चोट लग गई थी और इससे उनके हाथ में चार टांके लगे हैं। टीएमसी सांसद को बाद में जेपीसी की एक बैठक में हिस्सा लेने से रोक दिया गया था। वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 में व्यापक सुधार लाने,डिजिटाइजेशन शुरू करने, कड़े ऑडिट, पारदर्शिता और अवैध रूप से कब्जे वाली संपत्तियों को रिक्लेम करने के लिए कानूनी तंत्र शुरू करने का प्रयास किया गया है।