टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने अलीपुरद्वार में एक चुनावी जनसभा में कहा कि हर साल पश्चिम बंगाल केंद्र सरकार को 75 हजार करोड़ रुपये भेजता है। मगर जब वे अम्फान राहत के लिए 1000 करोड़ रुपये भेजते हैं, तो भाजपा नेताओं का कहना है कि यह मोदी जी द्वारा भेजा गया है। यह हमारा पैसा है, भाजपा नेताओं के पिता का नहीं।
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते बंगाल के गोसाबा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आरोप लगाया था कि 'भतीजा एंड कम्पनी' ने चक्रवात 'अम्फान' से निपटने के लिए केंद्र द्वारा भेजा पैसा हड़प लिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने पर इस मामले की जांच कराई जाएगी और अपराधियों पर मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने टीएमसी की कथित 'कटमनी संस्कृति' की आलोचना की और दावा किया कि ममता बनर्जी सरकार ने राहत राशि हड़प ली।
शाह ने कहा था, 'केद्र ने 'अम्फान' से निपटने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये की राहत राशि दी थी। क्या आपको एक रुपया भी मिला? सारा पैसा कहां गया? 'भतीजा एंड कम्पनी' ने चक्रवात 'अम्फान' से निपटने के लिए केंद्र द्वारा भेजा सारा पैसा हड़प लिया। हम हर चीज की जांच करेंगे और गुनहगार सलाखों के पीछे होंगे।'