बंगाल में सत्ताधारी पार्टी टीएमसी को एक बड़ा झटका लग सकता है। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तापस रॉय ने सोमवार को इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब वह राजनीति छोड़कर सार्वजनिक जीवन से संन्यास ले लेंगे। हालांकि, उन्होंने अपने निर्णय के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी। बता दें कि वे पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के काफी करीब और वफादार माने जाते हैं।
पार्टी के एक कार्यक्रम में बोलते हुए तापस रॉय ने कहा कि शायद आने वाले कुछ समय में मैं एक राजनीति को एक कार्यकर्ता के रूप में छोड़ दूंगा। उन्होंने कहा कि समय आने पर मैं पार्टी को सूचित करूंगा कि मैं राजनीति छोड़ना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि मुझे रोकना बहुत मुश्किल होगा। बाद में उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में भी सेवानिवृत्ति की उम्र होनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि आप अपने पूरे जीवन के लिए राजनीति में नहीं चल सकते। मैं लगभग 40 वर्षों से राजनीति में हूं। मैंने जो कहा वह कोई नई बात नहीं है। मैंने पहले भी ये कहा है। उन्होंने कहा कि मैंने पार्टी को पहले ही अपने इस विचार के बारे में बता दिया है। उनके इस बयान पर पार्टी ने प्रतिक्रिया दी है। टीएमसी के राज्य महासचिव कुणाल घोष ने कहा है कि पार्टी उनसे बात करेगी।
वहीं बाद में, शिक्षक दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रॉय ने पिछले कुछ सालों में विभिन्न कॉलेजों में छात्रों द्वारा शिक्षकों की पिटाई की घटनाओं पर पार्टी की छात्र इकाई की आलोचना की। इस दौरान उन्होंने अपने कॉलेज के दिनों की एक घटना को याद करते हुए कहा कि वास्तव में अब समय बदल गया है। शिक्षकों और छात्रों दोनों का पतन हो गया है। मुझे इससे दुख होता है।