पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज यानी बुधवार को विपक्षी दलों के नेताओं को एक व्यक्तिगत चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी के माध्यम से ममता ने लोकतंत्र बचाने के लिए भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील की है। ममता बनर्जी ने सोनिया गांधी, शरद पवार, एम.के. स्टालिन, तेजस्वी यादव, उद्धव ठाकरे, अरविंद केजरीवाल, नवीन पटनायक को पत्र में लिखा कि मेरा मानना है कि लोकतंत्र और संविधान पर भाजपा के हमलों के खिलाफ एकजुट होकर प्रभावी ढंग से संघर्ष करने का समय आ गया है।
पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान
बता दें कि पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान होने जा रहा है। 27 मार्च को पहले चरण का मतदान होगा। एक अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान, छह अप्रैल को तीसरे चरण का, 10 अप्रैल को चौथे चरण का मतदान, 17 अप्रैल को पांचवे चरण का मतदान, 22 अप्रैल को छठे चरण का मतदान, 26 अप्रैल को सातवें चरण का मतदान और 29 अप्रैल को आखिरी चरण का मतदान और दो मई को परिणाम आएंगे।