टिकटॉक गर्ल पूजा चव्हाण आत्महत्या मामले में घिरे महाराष्ट्र के वन मंत्री संजय राठौड़ पर इस्तीफे का दबाव बढ़ गया है। लेकिन शिवसेना में ही इसको लेकर दो गुट बन गए हैं। एक गुट चाहता है कि संजय राठोड़ इस्तीफा दें जबकि दूसरा गुट उन्हें मंत्री पद पर बरकरार रखना चाहता है।
इस बीच विधान परिषद में विपक्ष के नेता प्रवीण दरेकर ने राठौड़ के इस्तीफे का दावा किया। जबकि शिवसेना की ओर से इस संबंध में कोई अधिकृत बयान नहीं आया है। दूसरी ओर, मंगलवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे द्वारा बुलाई पार्टी नेताओं की बैठक से भी राठौड़ नदारत रहे।
इधर, भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने कहा कि आखिरकार, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे राठौड़ के इस्तीफे का इंतजार क्यों कर रहे हैं? मुख्यमंत्री को राज्य मंत्रिमंडल से राठौड़ को तत्काल बर्खास्त करना चाहिए।
वहीं, शिवसेना सांसद संजय राउत मंगलवार को खुलकर राठौड़ के बचाव में आ गए। उन्होंने कहा कि विपक्ष आंख मूंद कर हवा में गोलीबारी न करे। इधर, राज्य के पुलिस महानिदेशक हेमंत नगराले मंगलवार को पुणे पहुंचे। उन्होंने कहा कि मामले की उच्च स्तर पर जांच शुरू है।