देशभर में कोरोना वायरस लॉकडाउन के बाद आठ जून से धार्मिक स्थलों को फिर से खोलने की तैयारी चल रही है। तिरुपति बालाजी में भी यह तैयारी जोरों पर है। सरकारी दिशानिर्देशों के मुताबिक, आठ जून से तिरुपति बालाजी मंदिर के दरवाजे श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे। बता दें कि तिरुपति बालाजी मंदिर 20 मार्च से बंद है।
आठ से 10 जून तक मंदिर के कर्मचारियों और उनके परिवार ही दर्शन कर पाएंगे। इसके लिए उन्हें भी ऑनलाइन टाइम स्लॉट बुक करना होगा। 11 जून से सुबह 6.30 से शाम 7.30 तक मंदिर में आम लोग दर्शन कर पाएंगे।
दिशानिर्देशों के मुताबिक, एक दिन में केवल 6000 लोगों के दर्शन हो सकेंगे। हर घंटे में केवल 500 लोगों को अनुमति मिल पाएगी। इस संबंध में तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम् ट्रस्ट ने ये भी साफ किया है कि केंद्र सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक 10 से कम और 65 साल से अधिक आयु वाले लोगों को दर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मंदिर में कोरोना के टेस्ट के लिए स्थायी कैंप होगा, जिसमें रोज 200 कर्मचारियों और श्रद्धालुओं का रैंडम टेस्ट होगा। कुल 6000 लोगों में 3000 लोग वीआईपी टिकट पर (300 प्रति व्यक्ति) दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए भी ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग 8 जून को सुबह शुरू हो जाएगी।