गार्ड ने किया चौंकाने वाला खुलासा
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
पुणे के लोनावला स्थित लोहागढ़ किले पर केतन अग्रवाल की मौत को पहले हादसा बताया गया था, लेकिन अब सामने आ रहे एक-एक बयान से यह मामला सुनियोजित हत्या का रूप लेता दिख रहा है। किले के टिकट काउंटर पर तैनात सुरक्षा गार्ड धीरज जाधव का बयान इस केस की अहम कड़ी बनकर उभरा है। गार्ड ने बताया कि घटना वाले दिन उसने केतन, सिया गोयल और बाद में पहुंचे चेतन चौधरी को देखा था। उसके अनुसार, चेतन का व्यवहार शुरू से ही संदिग्ध लग रहा था।
गार्ड को चेतन पर क्यों हुआ था शक?
धीरज जाधव ने बताया कि युवक ने हूडी पहन रखी थी और वह स्टाफ की आवाज भी अनसुनी कर रहा था। जब गार्ड खुद उसके पास पहुंचा, तब उसने जवाब दिया। जांच में सामने आया कि यही युवक चेतन चौधरी था, जिसे पुलिस सिया का प्रेमी और हत्या का सह-साजिशकर्ता मान रही है। बताया जा रहा है कि तेज गर्मी के बावजूद उसने चेहरे को छिपाने के लिए हूडी पहन रखी थी।
ये भी पढ़ें- 'मेरे जन्मदिन पर मुझे तनहा छोड़ गए': केतन का कत्ल कर सिया ने लिखी भावुक पोस्ट; प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश
सीसीटीवी फुटेज में क्या दिखा?
जांच एजेंसियों के अनुसार, टिकट काउंटर की सीसीटीवी फुटेज में सिया और चेतन के बीच तालमेल के संकेत मिले हैं। एक फुटेज में सिया पीछे मुड़कर देखती नजर आती है, जबकि उसी दौरान चेतन अचानक बैठ जाता है। पुलिस का मानना है कि दोनों एक-दूसरे की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि चेतन, सिया और केतन से पहले किले के नीचे पहुंच गया था और फिर उनका पीछा करते हुए ऊपर गया।
रेस्क्यू टीम ने क्या बताया?
रेस्क्यू टीम के सदस्य सुनील गायकवाड़ ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम सुबह करीब 10:30 बजे मौके पर पहुंची थी। करीब 12:30 बजे तक अभियान पूरा कर लिया गया। उन्होंने कहा कि शव 250 फीट से अधिक गहरी खाई में मिला था। सिर पर गंभीर चोटें थीं और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी कई निशान मिले थे। शव को बाहर निकालकर एंबुलेंस तक पहुंचाया गया, जहां परिजन मौजूद थे और उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
परिवार ने हादसे की थ्योरी क्यों नहीं मानी?
घटना के बाद सिया ने दावा किया था कि फोटो खिंचवाते समय केतन का पैर फिसल गया था। हालांकि, केतन के परिवार ने इस दावे को खारिज कर दिया। परिवार का कहना था कि केतन अनुभवी ट्रेकर था और वह इतनी आसानी से फिसल नहीं सकता था। शिकायत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी 29 जून तक पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।
पुलिस बोली- शादी के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थी
ग्रामीण पुलिस ने मामले में नया खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि सिया अभी शादी करने के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उस पर परिवार की ओर से केतन से शादी करने का भारी दबाव था। पुलिस अब इस मामले में साजिश के एंगल की भी गहनता से जांच कर रही है। डिजिटल और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।