आसमान में कड़की बिजली (फाइल फोटो)
- फोटो : neeraj
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में गुरुवार को आसमान से बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना प्रभारी संजय कुमार दास ने बताया कि जिले के हरिश्चंद्रपुर इलाके में अपराह्न तीन बजे तेज हवा चली और इसी दौरान बिजली गिरने से अलग-अलग गांवों में खेतों में काम कर रहे तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने कहा कि मारे गए लोगों की पहचान मिट्ठू करमाकर (33), पिनू ओराओ (57) और सुल्तान अहमद (23) के रूप में की गई। उनके परिवार ने कहा कि बारदुरी दक्षिण रामनगर के निवासी करमाकर खेत में काम कर रहे थे। बैशा गांव के निवासी ओराओ अपने घर के पीछे आम के बाग में काम कर रहे थे, जब वे बिजली की चपेट में आ गए।
नारायणपुर गांव के अहमद भी घटना के समय खेत में ही काम कर रहे थे। बिजली की चपेट में आने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामनगर गांव के कृष्ण साहा (22) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने कहा कि उन्हें पहले हरिशचंद्रपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां स्वास्थ्य की स्थिति बिगड़ने पर उन्हें चाचेल सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।