त्रिपुरा में बच्चा चोरी की आशंका में एक ही दिन अलग-अलग स्थानों पर भीड़ ने तीन लोगों की पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि तीनों घटना बृहस्पतिवार की है। ऐसी घटनाओं के बीच मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि राज्य में बच्चा उठाने वाला कोई गिरोह नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार की छवि खराब करने की यह माकपा की साजिश है।
पुलिस के मुताबिक त्रिपुरा सूचना एवं संस्कृति विभाग ने अफवाह फैलाने वालों को समझाने के लिए सुकांता चक्रबर्ती को नियुक्त किया था। चक्रबर्ती बृहस्पतिवार को दक्षिण त्रिपुरा के कालछारा इलाके में लोगों को समझाने गए, तो भीड़ ने उन्हें ही बच्चा उठाने वाला समझ कर पीट-पीट कर उनकी हत्या कर दी।
इसके अलावा सिपाहीजाला जिले के बिशालगढ़ में भीड़ ने एक अज्ञात महिला की हत्या कर दी। उसके साथ की दूसरी महिला को जख्मी कर दिया। वहीं एक अन्य घटना में यूपी के एक हॉकर को बच्चा चोर समझ कर भीड़ ने हत्या कर दी।