पाकिस्तान मैरीटाइम सिक्यॉरिटी एजेंसी (पीएमएसए) के तीन मरीन कमांडो की समुद्री हादसे में मौत हो गई है जबकि दो को बचा लिया गया है, वहीं एक कमांडो लापता है। हादसा जखाऊ तट पर अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) पर हुआ। हादसे के बाद इंडियन कोस्ट गार्ड ने गुजरात मरीन पुलिस को अलर्ट जारी कर दिया है।
जखाऊ पोर्ट से 10 नॉटिकल मील की दूरी पर पीएमएसए का एक जहाज भारतीय सीमा में प्रवेश कर गया था भारतीय मछुआरों को कराची तट पर ले जाने की कोशिश की जा रही थी उसी दौरान मछुआरों की एक नाव पाक जहाज से टकरा गई।
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय कोस्ट गार्ड के जहाज 'अरिंज्य' के अधिकारी हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों को समुद्र में तीन पाकिस्तानी कमांडो के शव तैरते मिले जिसके बाद शवों को पीएमएसए को सौंप दिया गया। सद्भावना के तहत पीएमएसए ने सात भारतीय नौकाओं को रिहा कर दिया। हालांकि भारतीय अधिकारी अभी भी असमंजस में हैं कि कोई भारतीय मछुआरा पाकिस्तान की कैद में है या नहीं।
एक अधिकारी ने बताया कि 'हादसे में दो पाक मरीन कमांडो को बचा लिया गया जबकि तीन की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं लापता कमांडो को आईसीजी की टीम ढ़ूंढ रही है।'