मर्सिडीज बेंज इंडिया के लिए साल की पहली तिमाही का परिणाम बिक्री के हिसाब से काफी शानदार रहा। बाजार के सपोर्ट से कंपनी ने जनवरी 2017 से मार्च के बीच 3650 गाड़ियों की बिक्री की है। ऐसा एसयूवी सेगमेंट की कारों की बढ़ती मांग के चलते हुआ।
जर्मन कार निर्माता के लग्जरी एसयूवी पोर्टफोलियो में जीएलए, जीएलसी, जीएलई, जीएलई कूपे और जीएलएस बिक्री के लिए उपलब्ध हैं और इनकी बिक्री में इस साल 13 फीसदी की बढ़ोत्तरी देखी गई है। इस सेगमेंट में सबसे ज्यादा बिक्री जीएलसी की हुई। साथ ही अन्य एसयूवी को भी ग्राहकों ने काफी पसंद किया व खरीदा।
कंपनी की सेडान सेगमेंट कारों का भी काफी अच्छा प्रदर्शन दिखने को मिला है। लक्जरी सेडान सेगमेंट में मर्सिडीज की ई-क्लास सबसे ज्यादा बिक्री वाली कार बनी। सेडान सेगमेंट के अलावा, युवा पीढ़ी में मर्सिडीज ब्रांड के क्रेज का भी कंपनी को काफी फायदा हुआ है।
2017 की पहली तिमाही के परिणाम को देखते हुए कंपनी के प्रबंध निदेशक और सीईओ रोलैंड फोल्गर का कहना है कि 2017 की शुरुआत में कंपनी को मिलने वाले बेहतरीन परिणाम के कारण हम आने वाले महीनों में कंपनी की बिक्री पर और बेहतर काम कर सकेंगे। हम कंपनी की इस बढ़त से उत्साही हैं। साथ ही उम्मीद करते हैं कि कंपनी की दुसरी गाड़ियों की तरह ही मर्सिडीज की नई कार ई-क्लास को भी अच्छा रिसपॉन्स मिलेगा।
ये भी पढ़ें : बदलते बाजार में लुढ़कती ऑल्टो की बिक्री, फिर भी नंबर वन