महाराष्ट्र पुलिस में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 38 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं और तीन की मौत हुई है। महाराष्ट्र पुलिस में कोरोना के कारण अब तक मरने वालों की संख्या 54 हो गई है। वहीं, अब तक 3239 पुलिसकर्मी ठीक हो चुके हैं और 991 का इलाज चल रहा है। इस बात की जानकारी गुरुवार को अधिकारियों ने दी।
बुधवार को महाराष्ट्र पुलिस में कोरोना के 185 नए मामले सामने आए थे और दो की मौत हुई थी। महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक, पुलिस में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 4288 हो गई है, जिनमें 991 मामले सक्रिय हैं, 3239 ठीक हो चुके हैं और 54 लोगों की मौत हुई है।
बता दें कि देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है। यहां अभी तक कोरोना के एक लाख 42 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 62,353 सक्रिय मामले हैं। यहां कोरोना से अभी तक 6,739 लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं, देशभर में गुरुवार को पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 16,922 नए मामले रिपोर्ट किए गए। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,73,105 हो गई है। इनमें से 1,86,514 सक्रिय मामले हैं। देशभर में अब तक 2,71,697 लोग ठीक हो चुके हैं और 14,894 लोगों की मौत हो चुकी है।
26 से 29 जून तक गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना का दौरा करेगा केंद्रीय दल
केंद्र सरकार की ओर से एक दल देश के तीन राज्यों गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना का दौरा करेगा। यह दौरा 26 से 29 जून तक चलेगा। इस दौरान दल के सदस्य इन राज्यों में कोरोना वायरस से निपटने के लिए किए जा रहे प्रबंधों का जायजा लेंगे।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल इस दल की अगुवाई करेंगे। यह दल तीनों राज्यों के अधिकारियों के साथ बातचीत करेगा और कोविड-19 महामारी के प्रबंधन के लिए चल रहे प्रयासों को मजबूत करने के लिए उनके साथ समन्वय करेगा।