मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि तूफान से राज्य की 60 फीसदी आबादी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा, कि तूफान की वजह से लगभग डेढ़ करोड़ लोग सीधे प्रभावित हुए हैं और 10 लाख मकान नष्ट हो गए हैं। यह संकट का समय है। लोगों को धैर्य रखना चाहिए और इस मुद्दे पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए।
बंगाल सरकार ने मांगी सेना से सहायता
बंगाल सरकार ने तूफान से हुई बर्बादी के बाद जरूरी सेवाओं को ठीक करने के लिए सेना, रेलवे और पोर्ट ट्रस्ट से सहायता मांगी है। गृह विभाग ने शनिवार को अपने ट्वीट में कहा कि जरूरी सेवाओं की बहाली के लिए सरकार ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसके लिए सेना से सहायता मांगी गई है। बिजली और पानी की सप्लाई की मांग में राज्य के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को हुई विरोध प्रदर्शनों और हिंसा के बाद सरकार ने इसका एलान किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष घोष को तूफान प्रभावित इलाकों में जाने से रोका
कोलकाता। पुलिस ने शनिवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष को दक्षिण 24-परगना जिले के तूफान प्रभावित इलाकों के दौरे पर जाने से रोक दिया। इस मुद्दे पर घोष और पुलिसवालों के बीच कहासुनी भी हुई। घोष ने मौके पर ही धरना देने की धमकी दी। घोष राहत सामग्री बांटने जा रहे थे। लेकिन पुलिस का कहना था कि कोरोना की वजह से जारी लॉकडाउन की वजह से दूसरे जिले के दौरे के लिए अनुमति जरूरी है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के नेता उन इलाकों में जाकर राहत सामग्री बांट रहे हैं। लेकिन भाजपा के मामले में पुलिस के नियम बदल जाते हैं।