अरुणाचल प्रदेश के अंजा जिले में सेना की फायरिंग रेंज के पास तीन बच्चे एक बम को खिलौना समझकर खेलने लगे और इसमें दुर्घटनावश विस्फोट होने से उनकी मौत हो गई। बच्चों की उम्र दो साल से 10 साल के बीच है। उपायुक्त बी रीबा ने बताया कि घटना शनिवार शाम को हयुलिआंग सर्किल के चिरांग गांव में हुई। मृतकों में दो बच्चियां शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता पास के फायरिंग रेंज से विस्फोटक उपकरण लेकर आए थे जिन्हें घर में रखा हुआ था और बच्चे इससे खेलने लगे और इसमें विस्फोट हो गया। बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
खुपा थाने के प्रभारी एच लॉडर ने बताया कि मृतकों की पहचान अनिशा क्रॉन्ग (10), युमन क्रॉन्ग (दो) और रिया क्रॉन्ग(आठ) के तौर पर हुई है। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है।