मंत्री के रूप में केवल गडकरी का काम नजर आता है: राउत
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय मंत्रियों में केवल नितिन गडकरी का प्रदर्शन दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ भाजपा नेता ‘देश के भविष्य के नेता’ हैं। राउत विपक्षी दलों के इस दावे के बारे में एक पत्रकार के सवाल का जवाब दे रहे थे कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा किए गए कार्यों में कथित अनियमितताओं पर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट के जरिये गडकरी को निशाना बनाया गया है। एनएचएआई गडकरी के विभाग, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत आता है। राउत ने कहा, नितिन गडकरी नरेंद्र मोदी कैबिनेट के एक अहम नेता और काबिल मंत्री हैं. देश में उनका ही काम दिख रहा है। वह देश के भविष्य के नेता हैं।
मुंबई के पूर्व पुलिस प्रमुख संजय पांडे की कंपनी के खिलाफ क्लोजर रिपोर्ट दाखिल
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मुंबई पुलिस के पूर्व प्रमुख संजय पांडे की कंपनी के खिलाफ मामले में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल किया है। कंपनी पर दो एनएसई स्टॉक ब्रोकरों के ऑडिट में सेबी के मानदंडों के उल्लंघन का आरोप था, जो घोटाले से जुड़े को-लोकेशन सुविधा का उपयोग कर रहे थे। माना जा रहा है कि यहां की एक विशेष अदालत में दायर क्लोजर रिपोर्ट में एजेंसी ने कहा है कि उसे आरोपी के खिलाफ मुकदमा चलाने लायक पर्याप्त सबूत नहीं मिले। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अब 14 सितंबर को सुनवाई होगी। सीबीआई ने 19 मई को पांडे की कंपनी आईएसईसी सर्विसेज के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
तेलंगाना में कांग्रेस को टिकट के लिए 1006 आवेदन मिले
तेलंगाना में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली। इसी कड़ी में मंगलवार को हैदराबाद के गांधी भवन में तेलंगाना कांग्रेस प्रदेश चुनाव समिति की पहली बैठक हुई। पार्टी को चुनाव में टिकट की दावेदारी के लिए 119 निर्वाचन क्षेत्रों से 1006 आवेदन मिले। तेलंगाना कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष महेश गौड़ ने कहा कि हमने उम्मीदवारों का चयन करने के लिए कुछ दिशानिर्देश तैयार किए हैं। दो सितंबर को होने वाली अगली बैठक में हम उम्मीदवार का विवरण, उनकी पृष्ठभूमि, पार्टी से जुड़ाव, पार्टी में वरिष्ठता और उनकी कमियों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि दो सितंबर को हम प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र से तीन से चार नामों की सिफारिश करने का निर्णय लेंगे।
हैदराबाद में महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या, राज्यपाल ने मांगी रिपोर्ट
तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने हैदराबाद में एक महिला से कथित दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की घटना पर दुख जताया है। साथ ही इस मामले पर राज्य सरकार से व्यापक रिपोर्ट मांगी तलब की है। राजभवन की से ओर जारी बयान में कहा गया है कि राज्यपाल ने राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और साइबराबाद पुलिस आयुक्त से 48 घंटे के भीतर घटना के बारे में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को हैदराबाद के एक पांच सितारा होटल में महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में कांग्रेस नेता कुंबम शिवकुमार रेड्डी के खिलाफ बेंगलुरु में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप है कि रेड्डी लड़की को होटल में लाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।