फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Cyclone Sitrang: बस 12 घंटे और... फिर तबाही मचाएगा चक्रवाती तूफान, यहां बन रहा सिस्टम, चेतावनी जारी

Sun, 23 Oct 2022 02:19 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भुवनेश्वर

सार

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार कम दबाव का क्षेत्र रविवार सुबह लगभग 11 बजे से पोर्ट ब्लेयर के पास गंभीर रूप लेने लगा है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : social media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र रविवार देर रात यानी 12 घंटे के भीतर चक्रवात में तब्दील हो सकता है, जिससे पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भारी बारिश होने और 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि रविवार की सुबह सागर द्वीप के दक्षिण में 700 किमी दूर मौजूद मौसम स्थिति उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ रही है और सोमवार को इसके फिर से उत्तर-पूर्वी दिशा की ओर लौटने तथा टिंकोना द्वीप और सैंडविप के रास्ते बांग्लादेश तट को पार करने का अनुमान है। इस चक्रवात के 25 अक्तूबर को गहरे चक्रवात में बदल जाने की संभावना है।

विज्ञापन


बंगाल में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने एक बुलेटिन में कहा कि सोमवार को तटीय जिलों-दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना में भारी से बहुत भारी तथा पूर्वी व पश्चिमी मिदनापुर में भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, कोलकाता, हावड़ा और हुगली में सोमवार और मंगलवार को मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है।

100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा
बुलेटिन के अनुसार, इस मौसम स्थिति के चलते मंगलवार को बंगाल के तटीय जिलों-उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना में 80-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जो 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार भी पकड़ सकती हैं। इन जिलों और पूर्वी मिदनापुर में सोमवार को 45-55 किमी प्रति घंटे से लेकर 65 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
विज्ञापन


वर्ष 2018 के बाद यह पहला चक्रवात है, जो अक्तूबर के महीने में बनेगा
बता दें कि वर्ष 2018 के बाद यह पहला चक्रवात है, जो अक्तूबर के महीने में बनेगा। यह नीचे से उत्तरी बंगाल की खाड़ी की तरफ जाएगा। इस चक्रवात का नाम ‘शीतरंग’रखा गया है। यह नाम थाईलैंड का दिया हुआ है।

ओडिशा के आठ जिलों  के लिए अलर्ट जारी
भुवनेश्वर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय केंद्र ने पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालेश्वर, मयूरभंज, जाजपुर, क्योंझर, कटक और खुर्दा जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। विशेष राहत आयुक्त पीके जेना ने कहा, हमने आठ जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। राज्य इस चुनौती से निपटने को तैयार है।

मछुआरों के लिए चेतावनी
इस बीच, ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्रों में भारी वर्षा के पूर्वानुमान के बाद राज्य सरकार उससे निपटने की तैयारियों में जुट गई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को शनिवार को मध्य बंगाल की खाड़ी और गहरे समुद्र क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है। साथ ही 23 से 26 अक्तूबर के बीच उन्हें ओडिशा तट और पश्चिम-मध्य व उत्तरी बंगाल की खाड़ी में जाने से मना किया है।  इधर, संभावित खतरे के मद्देनजर ओडिशा और पश्चिम बंगाल की सरकारों ने तटीय इलाकों को खाली करा लिया है और आपदा प्रबंधन यूनिट को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें