प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि गरीबों का पैसा लूटने वालों को इसे लौटाना पड़ेगा। कारोबारी विजय माल्या के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू होने के बाद ट्विटर पर अपने एक फालोअर के ट्वीट के जवाब में पीएम ने यह बात कही।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘भारत में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। जिन लोगों ने गरीबों और मध्यम वर्ग के पैसे को लूटा है, उन्हें इसे लौटाना होगा।’ इससे पहले, उनके फालोअर ने ट्वीट किया था, ‘...भ्रष्टाचार ने न सिर्फ हमारी गाढ़ी कमाई लूटी है बल्कि हमारी गरिमा को भी लूट लिया है।’
वहीं दूसरी ओर विशेषज्ञों का माल्या मामले में कहना है कि माल्या का प्रत्यर्पण आसान नहीं होगा। कानून विशेषज्ञों का मानना है कि यहां की अदालतों द्वारा बार-बार समन भेजने के बावजूद उन्हें वापस नहीं लाया जा सका है, जबकि ब्रिटेन की अदालतें तो ज्यादा स्वतंत्र हैं इसलिए वे उन्हें आसानी से प्रत्यर्पण की अनुमति नहीं दे सकतीं।