नियंत्रण रेखा के पार आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र किए बिना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि किसी शक्तिशाली देश के लिए सशस्त्र सेना को सामर्थ्यवान होना जरूरी है और हमारी सेना में वह शौर्य और सामर्थ्य है। लिहाजा देशवासियों के लिए इस साल की विजयादशमी बहुत खास है।
उन्होंने कहा, ‘हम विजयादशमी मनाने की तैयारी कर रहे हैं।’ देशवासियों के लिए इस साल की विजयादशमी को बहुत खास बताते हुए उन्होंने बुराई पर अच्छाई की जीत (सर्जिकल स्ट्राइक) के लिए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उनकी यह टिप्पणी सर्जिकल स्ट्राइक के संदर्भ में ही थी।
विज्ञान भवन में दीनदयाल जन्मशती वर्ष दीनदयाल उपाध्याय संपूर्ण वाङ्मय की 15 पुस्तकों के लोकार्पण अवसर पर उन्होंने कहा कि पंडितजी का जीवनकाल लंबा नहीं था, मगर उन्होंने एक विचार को विकल्प बना दिया। उन्होंने दीनदयाल की दूरदृष्टि, उनकी जीवटता और उनकी सादगी का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि दीनदयाल की सादगी का आलम यह था कि दशकों तक सार्वजनिक जीवन में रहने के बावजूद उनके साथ ट्रेन में सफर करने वाले लोग भी उन्हें नहीं पहचान पाते थे। लोकार्पण समारोह में संघ के सरकार्यवाह भैयाजी जोशी और भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह भी उपस्थित थे।