कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल सौदे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस करने की चुनौती दी है और दावा किया कि मोदी उनके सवालों का जवाब नहीं दे सकेंगे। कर्नाटक के बीदर में एक रैली में राहुल ने राफेल सौदे पर कई सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर राष्ट्रीय हित से समझौता करने का आरोप लगाया।
राहुल ने कहा, राफेल सौदे पर नरेंद्र मोदी और मेरे बीच बहस होनी चाहिए। प्रधानमंत्री मेरे सवालों का जवाब नहीं दे पाएंगे। उन्होंने अपने दोस्त अनिल अंबानी को लाभ पहुंचाया है। एक ऐसी कंपनी को इसका अनुबंध दिया गया, जिसे विमान बनाने का अनुभव ही नहीं है। करार पर हस्ताक्षर होने से महज दस दिन पहले ही कंपनी बनाई गई।
राहुल ने कहा, यूपीए सरकार ने जो करार किया था, उससे हिन्दुस्तान एयरोनोटिक्स लिमिटेड को विमान बनाने मौका मिलता, जिससे कर्नाटक के युवाओं को रोजगार मिलता। एक दिन मोदी जी फ्रांस जाते हैं और करार की शर्तों में बदलाव कर देते हैं। वह युवाओं से रोजगार छीन लेते हैं। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि मेरे सामने आएं और सवालों का जवाब दें। प्रधानमंत्री इसलिए सवालों से भाग रहे हैं क्योंकि चौकीदार अब भागीदार बन गया है।
किसानों के मुद्दे पर घेरा
कांग्रेस अध्यक्ष ने किसानों के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा। राहुल ने कहा चुनाव में हमने कहा था जीतने के बाद कर्नाटक के किसानों का कर्ज माफ करेंगे। हमने ऐसा किया। प्रधानमंत्री किसानों का कर्जा माफ नहीं कर सकते हैं। मैं चुनौती देता हूं कि जिस तरह कर्नाटक सरकार ने कर्जा माफ किया, मोदी उसका आधा कर्जा देश के किसानों का कम करके दिखाएं।
दुष्कर्म की घटनाओं पर निशाना साधा
राहुल ने दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर भी प्रधानमंत्री को घेरा। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा दिया था, लेकिन यह नहीं बताया कि बेटियों को किनसे बचाना है। उत्तर प्रदेश में दुष्कर्म होते हैं और भाजपा नेता पकड़े जाते हैं। बिहार में छोटी बच्चियों से दरिंदगी होती है और इनमें भी भाजपा नेताओं की भूमिका होती है, इसके बावजूद इन घटनाओं पर प्रधानमंत्री चुप रहते हैं।