दिल्ली मेट्रो 22 मार्च से बंद है। यानी 'जनता कर्फ्यू' के दिन से मेट्रो सेवाएं बाधित है। यानी पिछले 57 दिन से बंद मेट्रो परिसर और स्टेशन में गंदगी का अंबार लग गया था। फिर उसे नए सिरे से साफ करने का अभियान चलाया गया। दिल्ली मेट्रो के सभी 248 स्टेशन, 2200 से भी ज्यादा मेट्रो कोच और सवारी ढोने वाले फीडर सर्विस के बसों को साफ कर सैनिटाइज कर लिया गया है। चंद दिन पहले मेट्रो की सीटों पर मार्किंग की जा रही थी। सामने आई तस्वीरों में फर्श पर निशान बनाया जा रहा था ताकि यात्री सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखे।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों की माने तो लॉकडाउन का इस्तेमाल लंबे समय से लंबित कार्यों को पूरा करने में किया जा रहा है। ट्रेन के एयर कंडीशनिंग प्रणाली की सफाई कर दी गई। सेवाओं के फिर से शुरू होने के बाद, सफाई और रखरखाव स्टाफ को हर चार घंटे में कीटाणुनाशक का छिड़काव करना होगा, टिकट वेंडिंग मशीनों के साथ-साथ लिफ्ट बटन और अन्य उपकरणों को लगातार सैनिटाइज किया जाएगा।
अब जब लॉकडाउन 4.0 में मेट्रो सेवाएं बहाल नहीं की गई तो सिर्फ अंदाजा ही लगाया जा सकता है कि खचाखच भरी मेट्रो ट्रेन और भीड़भाड़ वाले मेट्रो स्टेशंस में कोरोना काल के दौरान यात्राएं किस कदर बदलेगी।
- यात्रियों को अपने सेल फोन में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना होगा। इससे, यह पता लगता है कि सिर्फ वहीं लोग मेट्रो से यात्रा कर पाएंगे जिनके पास स्मार्टफोन हो। इसे कैसे लागू किया जाएगा व्यावहारिक रूप से देखा जाना बाकी है।
- एक समय में स्टेशन के केवल दो प्रवेश द्वार को ही खोला जा सकता है। CISF कर्मियों द्वारा थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य कर दी जाएगी। फ्लू जैसे लक्षण दिखाने वालों को प्रवेश करने से रोक दिया जाएगा और स्वास्थ्य अधिकारी ऐसे व्यक्तियों की आगे की जांच सुनिश्चित करेंगे।
- टोकन सिस्टम पूरी तरह बंद रखा जा सकता है यानी मेट्रो से यात्रा करने के लिए स्मार्ट कार्ड अनिवार्य हो जाएगा।
पहला चरण: लॉकडाउन की शुरुआत 25 मार्च से हुई थी। तब इसे 14 अप्रैल तक यानी 21 दिन के लिए लागू किया गया था। इस दौरान केवल जरूरी वस्तुओं की दुकानें खोलने की अनुमति दी गई थी और बाकी सभी तरह की सार्वजनिक सेवाओं पर प्रतिबंध था।
दूसरा चरण: लॉकडाउन का तीसरा चरण 19 दिन का था जो 15 अप्रैल से तीन मई तक रहा। इस दौरान रेड जोन के अलावा ग्रीन जोन और ऑरेंज जोन में दुकानों को खुलने की अनुमति दी गई थी।
तीसरा चरण: चार मई से 17 मई तक यानी 12 दिन के लॉकडाउन के तीसरे चरण में कई राहतें दी गईं। रेड जोन के अतिरिक्त ग्रीन और ऑरेंज जोन में अन्य दुकानों को खुलने की अनुमति दी गई। प्रवासी मजदूरों के लिए ट्रेन और बसों की शुरुआत की गई। अन्य लोगों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई गईं। इसके साथ ही 'वंदे भारत मिशन' और 'ऑपरेशन समुद्रसेतु' के जरिए विभिन्न देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने की शुरुआत की कई।