घटना के वीडियो के आधार पर आठ लोगों को कथित तौर पर दरगाह के ऊपर झंडा लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जबकि 22 लोगों को अधिकारियों की अनुमति के बिना हनुमान जयंती जुलूस निकालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
गुजरात के गिर सोमनाथ में शनिवार को हनुमान जयंती जुलूस के दौरान दरगाह के ऊपर भगवा झंडा लगाए जाने के मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में 30 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस जुलूस के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी।
विज्ञापन
शनिवार को हुई थी घटना
गिर सोमनाथ के पुलिस अधीक्षक मनोहरसिंह जडेजा ने बताया कि यह घटना वखरिया बाजार इलाके में मगरेबिशा बापू दरगाह में हुई थी। उस समय घटना में शामिल कई लोगों ने मोबाइल फोन में इसका वीडियो भी बनाया था और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कर दिया था। एसपी ने कहा कि वीडियो वायरल होने के बाद शनिवार रात दोनों समुदायों के लोग इकट्ठा होने लगे और स्तिथि के हिंसात्मक होने का माहौल हो गया। हालांकि, पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया गया। उन्होंने बताया कि मौके की गंभीरता को देखते हुए आसपास के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च भी किया गया था।
रविवार को दर्ज हुई थी एफआईआर
पुलिस अधीक्षक मनोहरसिंह जडेजा ने बताया कि इस मामले में रविवार को दो प्राथमिकी दर्ज की गईं थीं। उन्होंने बताया कि एक आईपीसी की धारा 153 ए (दो समुदायों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और धारा 295 ए (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) के तहत जबकि दूसरी बिना अनुमति के जुलूस निकालने के लिए धारा 188 के तहत दर्ज की गई थी।
विज्ञापन
30 लोगों पर कार्रवाई
उन्होंने कहा कि घटना के वीडियो के आधार पर आठ लोगों को कथित तौर पर दरगाह के ऊपर झंडा लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जबकि 22 लोगों को अधिकारियों की अनुमति के बिना हनुमान जयंती जुलूस निकालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।