देश में कोरोना की दूसरी लहर अभी थमी नहीं है। केरल और महाराष्ट्र में वायरस के मामले में अचानक बेतहाशा वृद्धि देखने को मिली है। देश में बीते 24 घंटे में 41,157 नए मरीज मिले हैं, जबकि 518 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई है। अब तक संक्रमण की चपेट में आए लोगों की संख्या बढ़कर 3,11,06,065 हो गई है।
वहीं, 518 और लोगों के महामारी से जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4,13,609 हो गई है। वहीं, एक दिन में 42,004 मरीजों को छुट्टी दी गई। देश में अब तक 3,02,69,796 मरीज संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं।
यूपी आने के लिए आरटी-पीसीआर जांच अनिवार्य
प्रदेश सरकार ने तीन फीसदी से अधिक संक्रमण दर वाले राज्यों से आने वाले यात्रियों के लिए आरटी-पीसीआर जांच अनिवार्य कर दिया है। सिर्फ चार दिन पहले की ही कोरोना निगेटिव जांच रिपोर्ट दिखाने के बाद यूपी में प्रवेश मिलेगा। चार दिन से अधिक पुरानी रिपोर्ट मान्य नहीं होगी। इनके अलावा टीकाकरण की दोनों खुराक ले चुके लोगों को प्रवेश पर जांच की जरूरत नहीं होगी। इनको अपनी दोनों खुराक की रिपोर्ट दिखानी पड़ेगी।
तीन फीसदी से ज्यादा संक्रमण दर वाले राज्य: महाराष्ट्र में कोरोना की साप्ताहिक संक्रमण दर 3.8 फीसदी है, जबकि 10.4 फीसदी संक्रमण दर के साथ केरल भी इसमें शामिल है। इनके अलावा आंध्र प्रदेश, ओडिशा, गोवा, मणिपुर, त्रिपुरा, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, नगालैंड और सिक्किम भी शामिल हैं, जहां संक्रमण दर तीन फीसदी से अधिक है। देश में सबसे ज्यादा 20 फीसदी संक्रमण दर सिक्किम में है।
हरियाणा में राहत के साथ पाबंदी 27 तक बढ़ी
हरियाणा में रविवार को कुछ राहत के साथ कोरोना संबंधी पाबंदी 27 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। रेस्तरां, बार 50 फीसदी क्षमता के साथ सुबह 10 बजे से रात 11 बजे तक खुलेंगे। वहीं, 50 फीसदी क्षमता के साथ जिम सुबह छह बजे से रात नौ बजे तक खुलेंगे। शादियों और अंतिम संस्कार में 100 से ज्यादा लोगों को अनुमति नहीं होगी। खुले में इन समारोहों के लिए 200 से ज्यादा की भीड़ को अनुमति नहीं है।
अब दिल्ली में भी कांवड़ यात्रा पर रोक
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बाद अब दिल्ली में भी कोरोना महामारी को देखते हुए इस साल कांवड़ यात्रा पर पर रोक लगा दी गई है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि 25 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा से संबंधित कोई भी जश्न, जुलूस या जमावडे़ की दिल्ली में मंजूरी नहीं है।