आगामी लोकसभा चुनाव जनता दल (सेक्युलर) के लिए काफी खास होने वाला है। फिलहाल इस पार्टी की कांग्रेस के गठबंधन के साथ कर्नाटक में सरकार है। अब इस परिवार की तीसरी पीढ़ी भी राजनीति में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। देवगौड़ा परिवार के दो युवा सदस्य लोकसभा चुनाव में उतरने वाले हैं।
लोकसभा चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के दोनों पोते प्रजव्वल रेवन्ना और निखिल गौड़ा राज्य की अलग-अलग सीटों पर दावेदारी करने जा रहे हैं। वहीं रेवन्ना की उम्मीदवारी को लेकर देवगौड़ा पहले ही ऐलान कर चुके हैं।
तीन सीटों पर होगी देवगौड़ा परिवार की दावेदारी
जानकारी के मुताबित अगर एचडी देवगौड़ा अपने पोते के लिए अपनी लोकसभा सीट हासन की दावेदारी से पीछे हटते हैं तो इस बार उनके परिवार के कुल 3 उम्मीदवार राज्य की 3 सीटों पर दावेदारी करेंगे। बताया जा रहा है कि कुमारस्वामी के बेटे निखिल मांड्या की सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। कुमारस्वामी के कहने पर सीट के वर्तमान सांसद शिवराम गौड़ा ने इस सीट से अपनी दावेदारी छोड़ने की बात कही है। जिसके चलते निखिल को यहां का टिकट दिया जा सकता है।
जानकारी के लिए बता दें जेडीएस ने आगामी चुनावों में कांग्रेस से 12 सीटों की मांग की है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि कांग्रेस जेडीएस गठबंधन को 4-6 सीटें ही देने को मान सकती है। सीटों को लेकर जो भी फैसला होगा उसका जल्द ही ऐलान भी हो जाएगा।