मुंबई में अनंत चतुर्दशी के विसर्जन जुलूस के दौरान चोरों ने भारी भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल और सोने के गहने चोरी किए। पुलिस को 200 से ज्यादा शिकायतें मिलीं, जिनमें 192 मोबाइल और 10 सोने की चेन चोरी के मामले शामिल हैं। पुलिस ने 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर 14 मोबाइल और सात चेन बरामद की हैं।
अनंत चतुर्दशी के दिन लालबाग के राजा और मुंबई के अन्य बड़े विसर्जन जुलूसों में बप्पा को विदाई देने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों के गिरोहों ने श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन और सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। विसर्जन जुलूस के दौरान जेब कटने, मोबाइल गुम होने और गहने चोरी होने की 200 से ज्यादा शिकायतें अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में पहुंचीं। इनमें से पुलिस ने 192 मोबाइल फोन गुम होने की रिपोर्ट दर्ज की है। इसके अलावा मोबाइल के साथ ही सोने की चेन चोरी के 10 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने दो महिलाओं और एक नाबालिग लड़के समेत कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
गणपति बप्पा को विदाई देने के लिए लालबाग, परेल और गिरगांव चौपाटी जैसे इलाकों में लाखों श्रद्धालु मौजूद थे। मध्य मुंबई में लालबाग के राजा के विसर्जन जुलूस के रास्ते पर भारी भीड़ के बीच दूसरे राज्यों से आए और स्थानीय पेशेवर जेबकतरों के गिरोह सक्रिय हो गए। श्रद्धालुओं का ध्यान जरा सा भी भटकते ही आरोपी उनकी जेब से मोबाइल निकाल लेते, गले से सोने की चेन खींच लेते या महिलाओं के पर्स उड़ा देते थे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन घटनाओं के पीछे संगठित गिरोहों का हाथ हो सकता है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोहों ने चोरी के लिए महिलाओं और नाबालिगों का इस्तेमाल किया।
पिछले कुछ वर्षों की चोरी की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए मुंबई पुलिस ने इस बार विसर्जन मार्ग पर सादे कपड़ों में विशेष टीमें तैनात की थीं। भीड़ में संदिग्ध नजर आ रहे लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से अब तक चोरी के 14 स्मार्टफोन और सात सोने की चेन बरामद की जा चुकी हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही चोरी किए गए बाकी मोबाइल फोन और गहनों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की पहचान का पता लगाने के लिए विसर्जन मार्ग पर पड़ने वाले लालबाग, चिंचपोकली, भारतमाता जंक्शन और गिरगांव चौपाटी इलाकों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं, चोरी हुए मोबाइल फोन की लोकेशन का पता लगाने के लिए मुंबई पुलिस की साइबर सेल और टेक्निकल इन्वेस्टीगेशन टीम आईएमईआई नंबर के आधार पर सीईआईआर पोर्टल की मदद ले रही है। पुलिस को उम्मीद है कि टेक्निकल इन्वेस्टीगेशन और सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोरी के मामलों में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द ही ट्रैक किया जा सकेगा।