महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने संजय राउत की किताब नरकातला स्वर्ग के विमोचन से पहले उद्धव ठाकरे गुट पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्होंने सत्ता के लिए बालासाहेब ठाकरे की हिंदुत्व विचारधारा छोड़ दी। अगर वे बालासाहेब के आदर्शों पर चलते, तो आज नरक में स्वर्ग की तलाश नहीं कर रहे होते।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने (शिवसेना यूबीटी) सांसद संजय राउत के किताब नरकातला स्वर्ग (नरक में स्वर्ग) के विमोचन से पहले उद्धव गुट पर तीखी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने सिर्फ सत्ता के लिए बालासाहेब ठाकरे की हिंदुत्व की विचारधारा को छोड़ दिया है। बता दें कि डिप्टी सीएम शिंदे का ये बयान संजय राउत की किताब नरकातला स्वर्ग (नरक में स्वर्ग) के विमोचन से ठीक पहले आया है। किताब का विमोचन शनिवार शाम मुंबई में होगा।
बालासाहेब ठाकरे सच्चे हिंदुत्व के प्रतीक थे- शिंदे
ठाणे में शुक्रवार रात पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिंदे ने कहा कि अगर वे बालासाहेब की विचारधारा के प्रति वफादार रहते, तो आज नरक में गिरकर स्वर्ग की तलाश नहीं कर रहे होते। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे सच्चे हिंदुत्व के प्रतीक थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कामों की हमेशा सराहना करते थे। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ने मोदी-शाह की दूरदर्शिता और देश के लिए उनके काम को पहचाना था।
उद्धव ठाकरे की ओर किया निशाना
इसके साथ ही शिंदे ने उद्धव ठाकरे का नाम लिए बिना निशाना साधा। उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि जो लोग अब कांग्रेस के साथ खड़े हैं, वे बालासाहेब की सोच को कभी नहीं समझ सकते। शिंदे ने कहा कि उन्होंने बालासाहेब की विरासत से खुद को बहुत दूर कर लिया है। गौरतलब है कि 2022 में एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद शिवसेना दो गुटों में बंट गई थी और उद्धव ठाकरे को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।