केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अनंत कुमार मंगलवार को अनंत में विलीन हो गए। चमराजपेट श्मशान घाट पर समर्थ ब्राह्मण परंपरा के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अनंत कुमार के छोटे भाई नंदा कुमार ने वैदिक मंत्रों के बीच उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान पूरे वातावरण में अनंत कुमार अमर रहे, भारत माता की जय के नारे गूंज उठे। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण अडवानी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष येदियुरप्पा वहां मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, रविशंकर प्रसाद, पीयूष गोयल, महेश शर्मा, धर्मेंद्र प्रधान, विजय गोयल और सदानंद गोड़ा भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। 59 वर्षीय अनंत कुमार ने सोमवार सुबह श्री शंकरा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में अंतिम सांस ली थी। अक्तूबर में यूएस और ब्रिटेन में इलाज करवाकर लौटने के बाद से वे इस अस्पताल में उपचाररत थे।
केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार की पार्थिव देह पहले उनके निवास बसवनगुडी ले जाई गई। इसके बाद सजे हुए मिलिट्री वाहन में थल, जल और वायुसेना के जवान उनकी पार्थिव देह को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय मल्लेश्वरम में जगन्नाथ भवन लाए। यहां करीब एक घंटे तक उनकी पार्थिव देह को रखा गया। इस दौरान भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पार्थिव देह को उनके निर्वाचन क्षेत्र में स्थित नेशनल कॉलेज ग्राउंड में रखा गया, जहां जनता ने अपने नेता को अंतिम विदाई दी।
उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने भी यहां पहुंचकर अनंत कुमार को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अनंत कुमार की पत्नी तेजस्विनी और परिवार के अन्य सदस्यों को भी ढांढस बंधाया। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भी अनंत कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया। मंगलवार सुबह बुलाई गई केबिनेट की विशेष बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर अनंत कुमार को श्रद्धांजलि दी।
दिवंगत केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार को श्रद्धांजलि देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह।
दिवंगत मंत्री को भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने श्रद्धांजलि दी।
अनंत कुमार को रक्षा मंत्री निर्मल सीतारमण ने भी श्रद्धांजलि दी।
कुमार की अंतिम यात्रा में कर्नाटक के मंत्री डीके शिवकुमार भी शामिल हुए।
कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख दिनेश गुंडू राव ने अनंत कुमार के श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बंगलूरू जाकर अनंत कुमार को श्रद्धांजलि दी थी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'बंगलूरू में मैंने श्री अनंत कुमार जी को श्रद्धांजलि दी। हमने एक उत्कृष्ट सार्वजनिक सेवक खो दिया जिनका बहुत से लोगों की जिंदगी में सकारात्मक प्रभाव था। उनके परिवार के सदस्यों के साथ भी समय बिताया।'
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के अलावा राजनाथ सिंह, पीयूष गोयल, हर्षवर्धन, राधा मोहन सिंह, रामदास अठावले, महेश शर्मा, अश्विनी कुमार चौबे और रामकृपाल यादव समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने मंगलवार को कुमार को श्रद्धांजलि दी।
श्री शंकरा कैंसर फाउंडेशन के न्यासियों के बोर्ड के अध्यक्ष बी आर नागराज ने बताया कि अमेरिका और ब्रिटेन में इलाज कराने के बाद हाल ही में लौटे दक्षिण बंगलूरू के सांसद ने तड़के दो बजे आखिरी सांस ली। उस वक्त उनकी पत्नी तेजस्विनी और दोनों बेटियां भी वहां मौजूद थीं।