दुनिया भर में 100 से ज्यादा जगह विमान उड़ाकर ले जाने वाली ब्रिटेन की केट मैकविलियम्स जब यात्रियों को अपनी उम्र बताती हैं, तो उन्हें सुखद आश्चर्य होता है। ब्रिटेन में सस्ती एयरलाइन मानी जाने वाली ईजीजेट की कैप्टन केट मैकविलियम्स सिर्फ 26 साल की हैं। ईजीजेट का दावा है कि वे दुनिया की सबसे कम उम्र की कमर्शियल एयरलाइन कैप्टन हैं।
पिछले साल कंपनी ने ये घोषणा की थी कि वो महिला पायलटों की संख्या बढ़ा रही है। केट ने एयर कैडेट्स के रूप में विमान उड़ाना उस समय शुरू किया, जब वो 13 साल की थी।
उन्होंने समाचार एजेंसी प्रेस एसोसिएशन से बातचीत में ये स्वीकार किया कि उन्होंने कभी भी कमर्शियल पायलट बनने का नहीं सोचा था।
लेकिन साउथैम्पटन में विमान उड़ाने की ट्रेनिंग लेने के बाद उन्होंने मई 2011 में ईजीजेट में फर्स्ट ऑफिसर (को-पायलट) की नौकरी शुरू की। हाल ही में उन्हें कैप्टन की रैंक मिली है। उन्होंने बताया, "मेरे लिए उम्र मायने नहीं रखती। मैंने वही ट्रेनिंग की है और कोर्स पास किया है, जो अन्य कैप्टन करते हैं।