एक पाकिस्तानी युवती ने रामपुर के एक युवा कारोबारी की फेसबुक आईडी हैक कर ली। युवती कारोबारी से मैसेंजर के जरिए जुड़ी और पूल गेम की परचेंजिंग गेम की लिस्ट से पूल कैश ट्रांसफर करने की जिद करने लगी। जब कैश ट्रांसफर नहीं किया तो युवती ने युवक की फेसबुक आईडी को हैक कर लिया। कारोबारी ने युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोती मस्जिद चाह खान सामा एफसी रोड निवासी फारूख सिमाब का सुपर मार्केट में शू स्टोर है। फारूख सिमाब को इंटरनेट पर ऑनलाइन पूल गेम खेलने का शौक है। वह अपने स्मार्ट फोन से पूलगेम खेलकर कैश जीतते हैं। पाकिस्तान की युवती फातिमा बतूल ने सिमाब की फेसबुक आईडी पर मैसेंजर पर संपर्क किया। इसके बाद फातिमा सिमाब से चैटिंग करने लगी। धीरे-धीरे उसने सिमाब से पूल कैश को अपनी फेसबुक आईडी पर ट्रांसफर करने की मांग की, सिमाब ने मना कर दिया। इसके बाद फातिमा ने सिमाब की फेसबुक आईडी को हैक कर लिया।
सिमाब का कहना है कि उसने जब दोबारा आईडी खोली तो ब्लाक लिखा आया। थोड़ी देर बाद पासवर्ड डाला तो पता लगा कि वह चेंज था। इसकी शिकायत पिछले सप्ताह कोतवाली पुलिस से की गई। वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। सिमाब का कहना है कि वह एसपी से मिले और पाकिस्तानी युवती द्वारा फेसबुक आईडी हैक करने की शिकायत की। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पाकिस्तान की फातिमा बतूल के खिलाफ आईटीएक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज करके विवेचना शुरू कर दी है।
ऐसे खेला जाता है परचेजिंग पूल गेम
सांकेतिक चित्र
परचेजिंग पूलगेम खेलने के लिए अपने स्मार्ट फोन या डेस्कटाप पर डाउनलोड करके खेला जा सकता है। स्मार्ट फोन पर अधिकांश युवा पूलगेम खेल रहे हैं और पूल कैश प्राप्त कर रहे हैं। स्मार्ट फोन पर प्ले स्टोर में जाकर पूलगेम को डाउनलोड करके अपनी आईडी से कनेक्ट करने के बाद यह गेम खेला जाता है। इसमें जितने भी अंक आपको मिलते हैं उन्हें आपके एकाउंट में स्टोर किया जाता है। हर हफ्ते आपके गेम के हिसाब से इसमें कैश प्वाइंट एकत्र होते रहते हैं इनसे आप कोई भी ऑनलाइन खरीदारी कर सकते हैं।
पूलगेम का अच्छा प्लेयर है फारूख सिमाब
जिस फारूख सिमाब ने पाकिस्तानी युवती फातिमा बतूल के खिलाफ फेसबुक आईडी हैक करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है वह पूलगेम का अच्छा प्लेयर है। सिमाब का कहना है कि उसे वर्ल्ड में तीसरा स्थान मिल चुका है। उसके पास पूलगेम से प्राप्त लाखों कैश प्वाइंट हैं जोकि इस आईडी से जुड़े थे। सिमाब ने खतरे को भांपते हुए अपनी फेसबुक आईडी हैक होने पर पुलिस से संपर्क किया और आईडी को ब्लाक कराया है।
आईटी एक्ट की धारा 65, 66सी में सजा है आईडी हैक करने की
सांकेतिक चित्र
किसी दूसरे शख्स की पहचान से जुड़े डेटा, गुप्त सूचनाओं वगैरह का इस्तेमाल करना भी साइबर अपराध है। यदि कोई इंसान दूसरों के क्रेडिट कार्ड नंबर, पासपोर्ट नंबर, आधार नंबर, डिजिटल आईडी कार्ड, ई-कॉमर्स ट्रांजैक्शन पासवर्ड, इलेक्ट्रॉनिक सिग्नेचर वगैरह का इस्तेमाल करके शॉपिंग या धन की निकासी करता है तो वह इस अपराध में शामिल हो जाता है। जब आप किसी दूसरे शख्स के नाम पर या उसकी पहचान का आभास देते हुए कोई जुर्म करते हैं, या उसका नाजायज फायदा उठाते हैं, तो यह जुर्म आइडेंटिटी थेफ्ट के दायरे में आता है। ऐसा करने वाले पर आईटी (संशोधन) एक्ट 2008 की धारा 66 (सी) लगाने का प्रावधान है, जिसमें दोष साबित होने पर तीन साल तक की जेल या एक लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है।
फेसबुक आईडी हैक करने की शिकायत आई थी। कोतवाली में आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। विवेचना के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
- केके चौधरी एसपी रामपुर