फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

सूरत में पीएम ने कहा: हर व्यक्ति का जीवन सरल बनाने में जुटी है मेरी सरकार

न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: अमित मंडल Updated Wed, 30 Jan 2019 02:37 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को गुजरात में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में 30 साल तक त्रिशंकु संसद रही और विकास बाधित हुआ। चार साल पहले लोगों ने बहुमत दिया, जिसके बाद देश में विकास हो रहा है। मैंने अब तक जितना काम किया है, पूर्ववर्ती सरकार को उतना काम करने के लिए और 25 वर्षों की आवश्यकता पड़ती । उन्होंने कहा कि  हमारी सरकार देश के गरीब और मध्यम वर्ग के हर व्यक्ति के जीवन को सरल और सुगम बनाने की दिशा में पूरी ईमानदारी के साथ जुटी हुई है। पीएम मोदी गुजरात के सूरत और डांडी के दौरे पर हैं। 



वह यहां सूरत हवाईअड्डे पर टर्मिनल भवन के विस्तार परियोजना की आधारशिला रखने, एक अस्पताल की आधाशिला रखने और न्यू इंडिया यूथ कॉन्क्लेव में युवाओं के साथ बातचीत करने आए हैं। 


पीएम ने कहा, साल 2014 के बाद देश के ग्रामीण इलाकों में 1 करोड़ 30 लाख से ज्यादा घरों का निर्माण किया जा चुका है। ये संख्या अपने आप में कितनी बड़ी है, इसका अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि पहले की सरकार ने अपने कार्यकाल में सिर्फ 25 लाख घर बनवाए थे। उनके कालखंड में कहां 25 लाख घरों का निर्माण और हमारे चार साल के कार्यकाल में 1 करोड़ 30 लाख घरों का निर्माण हुआ है।


पीएम ने कहा, कुछ लोग सवाल पूछते हैं कि नोटबंदी से क्या फायदा हुआ? उन्हें ये सवाल उन युवाओं से भी पूछना चाहिए जिन्हें नोटबंदी के बाद कम हुई घरों की कीमतों का लाभ मिलना शुरू हुआ है। वरना नोटबंदी से पहले किस तरह रियल इस्टेट सेक्टर में कालाधन हावी था ये सब भली भांति जानते हैं।

सरकार ने बनाया रेरा कानून

पीएम ने कहा, हमारी सरकार ने 'रेरा कानून' बनाकर अब ये भी सुनिश्चित किया है कि गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों की कमाई हाउसिंग प्रोजेक्ट्स में नहीं फंसेगी। रेरा कानून के तहत 30-35 हजार बिल्डरों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है और तय नियम के मुताबिक लाखों घरों का निर्माण कर रहे हैं।

लोगों के बिजली बिल में एलईडी से बचत

पीएम मोदी ने कहा कि बीते साढ़े चार साल में सरकार ने 32 करोड़ एलईडी बल्ब वितरित किए हैं। इस वजह से लोगों के बिजली बिल में 16 हजार 500 करोड़ रुपए की बचत हुई है। हमारी सरकार ने लोगों को अपना रोजगार शुरू करने के लिए बिना बैंक गारंटी 7 लाख करोड़ रुपया दिया। इनमें से 4 करोड़ 25 लाख से ज्यादा ऐसे लोग हैं जिन्होंने पहली बार कर्ज लिया है। यानि बीते साढ़े चार साल में देश को 4 करोड़ 25 लाख नए उद्यमी भी मिले हैं।



पीएम ने कहा, इन व्यापक योजनाओं और बड़े फैसले के पीछे की सबसे बड़ी वजह है आपके 'एक-एक वोट' की ताकत से बनी पूर्ण बहुमत की सरकार। ये मकान न मोदी दे रहा है, न भारत दे रहा है। ये मकान आपके एक वोट की ताकत है, जो गरीब को घर दे रही है। एक तरफ हम पूरी शक्ति के साथ #NewIndia बनाने की दिशा में कार्य कर रहें हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ ऐसे भी लोग हैं जो हमारे इन प्रयासों का मजाक उड़ा रहे हैं। 


उन्होंने कहा, "मुझे मत पूछना कि 40-50 रुपये का बल्ब 350 रुपये में बिकता था तो बीच वाले पैसे कहां जाते थे, मुझे मत पूछना, उसका जवाब राजीव गांधी देकर गए थे। एक रुपये जाता था तो 25 पैसा पहुंचता था, बाकी का 85 पैसा कौन सा पंजा खाता था, वो सारी दुनिया जानती है।"

और पढ़ें...
विज्ञापन
विज्ञापन
Next