उच्चतम न्यायालय ने ‘अत्यंत जरूरी विविध मामलों’ पर सुनवाई के लिए अवकाशकालीन पीठों के सामने मामलों को सूचीबद्ध करने के विषय पर एक परिपत्र जारी किया है। न्यायालय की ओर से मंगलवार को जारी किए गए इस परिपत्र में अवकाशकालीन पीठों से संबंधित सूचनाएं हैं ।
ये पीठें ग्रीष्मावकाश के दौरान 26 मई से दो जून के बीच सुनवाई करेंगी। उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय 10 मई से 28 जून तक ग्रीष्मावकाश पर है। परिपत्र के अनुसार परिवर्तित ग्रीष्मावकाश में 26 मई से दो जून तक दो खंडपीठें वीडियो काफ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई करेंगी।
पहली पीठ में न्यायमूर्ति एल नागेश्वर राव और न्यायमूर्ति अनिरूद्ध बोस होंगे। दूसरी पीठ में न्यायमूर्ति बीआर गवई और न्यायमूर्ति सूर्यकांत 26 से 28 मई तक मामलों की सुनवाई करेंगे, उसके बाद इस पीठ में न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी न्यायमूर्ति कांत की जगह लेंगे और फिर यह परिवर्तित पीठ 29 मई से दो जून तक सुनवाई करेगी।