कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से भारत में फैल रहा है लेकिन उसी के साथ देश में कोविड-19 का रिकवरी रेट भी तेजी से बढ़ रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कोरोना की ताजा जानकारी देते हुए बताया कि इस वक्त देश में कोविड-19 का रिकवरी रेट 64.54 फीसदी है।
इसके अलावा डॉ हर्षवर्धन ने बताया कि मौजूदा समय में कोरोना का डबलिंग रेट यानि कि कोरोना के मामले दोगुने होने की रफ्तार 21 दिन हो गई है। हालांंकि देश में कोरोना के नए मामलों ने एक बार फिर रिकॉर्ड तोड़ा है। देश में एक ही दिन में कोरोना के 55,000 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं।
अब देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 35,000 और कुल संक्रमितों की संख्या 16 लाख के पार पहुंच गई है। कोरोना संक्रमण मामलों का यह दूसरा दिन है जब एक ही दिन में कोरोना के 50,000 से ज्यादा मामले आएं हो। पिछले 24 घंटे में 779 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 35,747 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 16,38,871 हो गए हैं, जिनमें से 5,45,318 लोगों का उपचार चल रहा है और 10,57,806 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक, देशभर में 30 जुलाई तक परीक्षण किए गए कोरोना नमूनों की कुल संख्या 1,88,32,970 है। जिनमें से 6,42,588 नमूनों का परीक्षण गुरुवार को ही किया गया है। यह अब तक एक दिन में जांच की सर्वाधिक संख्या है।