प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को विश्व के उन प्रमुख नेताओं में शुमार हो गए जिनके मोम के पुतले मैडम तुसाद के सिंगापुर, हांगकांग और बैंकॉक के संग्रहालयों में हैं। 65 वर्षीय मोदी अपने 7, रेसकोर्स रोड स्थित आवास पर अपने मोम के पुतले से रूबरू हुए।
मोदी का यह पुतला अब लंदन स्थित मैडम तुसाद के मुख्यालय पहुंचेगा जहां 28 अप्रैल को इसे आम लोगों के देखने के लिए खोल दिया जाएगा। इस मोम के पुतले में मोदी अपने दोनों हाथ जोड़कर नमस्ते की मुद्रा में हैं और उन्होंने कुर्ता पायजामा और क्रीम कलर का जैकेट पहना हुआ है।
मैडम तुसाद द्वारा पोस्ट किए एक वीडियों में मोदी कह रहे हैं, ‘मैं क्या कह सकता हूं? जहां तक कला की बात है तो मैडम तुसाद की टीम अपना काम करने में असाधारण है। सामान्य रूप से जो काम भगवान ब्रह्मा करते हैं वही काम कलाकार कर रहे हैं। आज, अपनी जनता का प्रधान सेवक होने के नाते मुझे अपने मोम के पुतले से मिलने का अवसर मिला।’
मोदी के मोम के चार पुतले बनाने में विश्व के प्रसिद्ध संग्रहालय के कलाकारों की टीम को चार महीने लगे और इसमें डेढ़ लाख पौंड की लागत आई। जिस वीडियो में प्रधानमंत्री को अपने मोम के पुतले को नजदीक से देखता हुआ प्रदर्शित किया गया है उसकी रिकॉर्डिंग तब की गई जब यह उन्हें दिखाने लाया गया था।
मैडम तुसाद के प्रसिद्ध मोम के पुतलों का संग्रहालय 1836 में लंदन में स्थापित किया गया था। अब विश्व के बीस शहरों में इस संग्रहालय की शाखाएं हैं। लंदन स्थित मैडम तुसाद के संग्रहालय में प्रधानमंत्री मोदी के मोम का यह पुतला अन्य वैश्विक नेताओं जैसे अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा, ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरून, जर्मन चांसलर एंगेला मार्केल और फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद के पुतले के साथ 28 अप्रैल को नजर आएगा।
तमाम भारतीयों के पुतले रखे हैं म्यूजियम में
मैडम तुसाद के म्यूजियम में तमाम भारतीयों के पुतले मौजूद हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, अभिनेता अमिताभ बच्चन, रजनीकांत, शाहरुख खान, सलमान खान, ऋतिक रोशन, अभिनेत्री ऐश्वर्या राय, करीना कपूर के पुतले म्यूजियम में शोभा बढ़ा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि अभिनेता आमिर खान और अक्षय कुमार म्यूजियम में अपना पुतला रखे जाने से इनकार कर चुके हैं।