देश में सभी वयस्कों को 1 मई से टीका लगाने की घोषणा के बीच भारत में कोविड-19 के रूसी टीके स्पूतनिक-5 मई के आखिर या जून के शुरुआती हफ्ते में लॉन्च हो सकता है।
भारत में इसे मुहैया करवाने जा रही फार्मा कंपनी डॉ. रेड्डीज लेबोरेट्रीज के महानिदेशक व सह-अध्यक्ष जीवी प्रसाद ने मंगलवार को बताया कि देश में इसकी कीमत करीब 750 रुपये होगी। भारत ने हाल ही में स्पूतनिक-5 के आपात उपयोग को अनुमति देने की घोषणा की थी।
प्रसाद ने बताया कि रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष (आरएफआईडी) और रेड्डीज लैब के बीच करार के तहत यह टीका आयात होगा। आयात तेज करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि यह इसी तिमाही में लॉन्च हो सके। टीके के परिवहन व रखरखाव के लिए कोल्ड चेन व बाकी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।
उन्हाेंने कहा कि स्पूतनिक -5 से देश में तेजी से और ज्यादा बड़ी संख्या में टीकाकरण हो सकेगा। निजी संस्थान भी इस अभियान का हिस्सा बन सकेंगे। उन्हाेंने बताया कि रूस ने विश्व के लिए इसकी कीमत 10 डॉलर निर्धारित की है।
मॉस्को केगामालेया शोध संस्थान द्वारा विकसित इस टीके का भारत में भी परीक्षण हो चुका है। परीक्षण में यह 91.5 फीसदी प्रभावी मिला था। अनुमान हैं कि इसके करीब 25 करोड़ डोज आयात हो सकते हैं, जिससे 12.5 करोड़ लोगों का टीकाकरण होगा।
दूसरी तिमाही तक भारत में उत्पादन संभव
प्रसाद के अनुसार स्पूतनिक-5 को दूसरी तिमाही से भारत में बनाया जाने लगेगा। इस काम में एक से अधिक फार्मा कंपनियां शामिल हो सकती हैं। कंपनी ने पूर्व में यह अनुमान लगाया था कि आने वाले समय में इस टीके का 70 प्रतिशत वैश्विक उत्पादन भारत में होगा।