सिख दंगों के एक आरोपी सज्जन कुमार को दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को उम्रकैद की सजा सुनाई। कोर्ट के फैसले पर खुशी जताते हुए विश्व हिंदू परिषद ने कहा है कि इससे सिख समाज को कुछ न्याय अवश्य मिला है। लेकिन उन्हें पूरा न्याय तब मिलेगा जब इन आरोपियों के साथ दंगों की साजिश रचने वाले लोगों को भी सजा मिले। उसके बिना सिखों को मिला न्याय अधूरा रहेगा।
विहिप के अंतर्राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव डॉ सुरेन्द्र जैन ने सोमवार को एक प्रेस वक्तव्य जारी करते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत के सबसे बड़े नरसंहार के दोषी खुलेआम घूम रहे हों और पीड़ितों के परिवार खून के आंसू बहाते हुए न्याय पाने के लिए ठोकरें खा रहे हों, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। सज्जन कुमार को उम्र कैद की सजा मिलने पर सिख समाज को कुछ राहत अवश्य मिली है।
उन्होंने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि इस नरसंहार के सभी दोषी पकड़े जाएंगे और उन्हें कठोरतम सजा दी जाएगी। पिछले 34 सालों से सिख समाज न्याय पाने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा था और सत्ताधीश पीड़ितों को न्याय दिलाने की बजाय आरोपियों को ही बचाने में व्यस्त रहे। उन्होंने कहा कि इन दंगों की साजिश रचने वाले सूत्रधार और बचाने वाले भी जल्द ही कानून के दायरे में आएंगे और उन्हें ऐसी सजा मिलेगी, तभी सिख समुदाय को पूरा न्याय मिलेगा।