चुनाव आयोग ने मंगलवार को केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय (सीएसओ) को राज्य विशेष का जीडीपी आंकड़ा जारी करने से रोक दिया। ताकि इससे मौजूदा विधानसभा चुनावों के दौरान मतदान पर किसी तरह का प्रभाव न पड़ सके। सीएसओ ने सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के तिमाही आंकड़े जारी किए हैं।
सूत्रों ने बताया कि सरकार ने इन आंकड़ों को जारी करने से पहले चुनाव आयोग से संपर्क किया था। सरकार को इन्हें जारी करने की अनुमति देते हुए आयोग ने सीएसओ से यह सुनिश्चित करने को कहा था कि वह राज्य विशेष का आंकड़ा जारी न करे क्योंकि पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों को लेकर चार जनवरी से आदर्श आचार संहिता जारी है।
आयोग का मानना था कि राज्य विशेष के आंकड़े जारी करने से उन राज्यों में सत्तारूढ़ दलों का पलड़ा भारी हो जाएगा, जहां चुनाव हो रहे हैं। इससे खेल में समान मौके का सिद्धांत गड़बड़ा सकता है।