ओडिशा में आत्मदाह करने वाली छात्रा की मौत।
- फोटो : वीडियो ग्रैब।
कांग्रेस ने किया ओडिशा बंद का एलान
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने छात्रा की मौत को लेकर 17 जुलाई को ओडिशा बंद का एलान किया है। उन्होंने कहा कि छात्रा ने न्याय के लिए हर दरवाजा खटखटाया, यहां तक कि एफआईआर भी दर्ज करवाई, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला... वह विधायक के पास भी गई। विधायक उसे न्याय दिला सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। सांसद ने भी इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। क्या इस मामले को गंभीरता से लेना उनकी जिम्मेदारी नहीं थी?अगर थोड़ी भी कार्रवाई की गई होती, तो स्थिति इस हद तक नहीं आती कि उस छात्रा को अपनी जान देनी पड़े। सरकार को यह अहसास ही नहीं हुआ कि यह उनकी जिम्मेदारी है। हमारी मांग है कि शिक्षा मंत्री, विधायक और सांसद तीनों को इस्तीफा देना चाहिए और उनकी पार्टी को तीनों को निष्कासित करना चाहिए। 17 तारीख को हमने ओडिशा बंद का आह्वान किया है, और हम सभी वर्गों से इसका समर्थन करने की अपील करते हैं।
12 जुलाई को किया था आत्मदाह
गौरतलब है कि फकीर मोहन (स्वायत्त) कॉलेज, बालासोर के एकीकृत बीएड कार्यक्रम की द्वितीय वर्ष की छात्रा ने शनिवार 12 जुलाई को एचओडी पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करते हुए खुद को आग लगा ली थी। छात्रा ने आरोप लगाया था कि शिक्षक ने उसका यौन और मानसिक उत्पीड़न किया था। छात्रा का सोमवार देर रात को निधन हो गया था। उसने एम्स भुवनेश्वर में अंतिम सांस ली।
ये भी पढ़ें: बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल में लिखा- इमारत में लगाए गए IED और आरडीएक्स
प्राचार्य और सहायक प्रोफेसर निलंबित
घटना से पहले छात्रा ने प्रिंसिपल दिलीप घोष के पास शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उन्होंने उससे शिकायत वापस लेने को कहा। प्रिंसिपल दिलीप घोष ने खुद इसे स्वीकार किया था। छात्रा द्वारा आत्मदाह किए जाने के बाद ओडिशा सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने मामले के प्रथम दृष्टया साक्ष्य के आधार पर शैक्षिक अध्ययन विभाग की सहायक प्रोफेसर (स्टेज-I) समीरा कुमार साहू को निलंबित कर दिया। इसके अलावा एफएम (ऑटो) कॉलेज, बालासोर के सहायक प्रोफेसर और प्राचार्य दिलीप कुमार घोष को भी निलंबित कर दिया है।
प्राचार्य दिलीप घोष न्यायिक हिरासत में
बाद में ओडिशा के उच्च शिक्षा विभाग ने एफएम ऑटो कॉलेज की सहायक प्रोफेसर समीरा कुमार साहू के खिलाफ कथित उत्पीड़न मामले की गहन जांच के लिए शनिवार को एक समिति का गठन किया था। साहू को बालासोर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके अलावा, राज्य में व्यापक विरोध को देखते हुए सोमवार को एफएम कॉलेज के निलंबित प्राचार्य दिलीप घोष को भी गिरफ्तार किया गया। जहां उसे एसडीजेएम कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।