वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदे में मनी लांड्रिंग के मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद में कम से कम 10 जगहों पर छापेमारी की। ये ठिकाने इस मामले में शामिल कुछ कंपनियों के थे।
इसके साथ ही ईडी ने इन कंपनियों द्वारा विदेश में निवेश किए गए 86 करोड़ रुपये के शेयरों को भी जब्त कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने छापेमारी के दौरान इन कंपनियों के ठिकानों से कई दस्तावेज भी जब्त किए। प्रिवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग कानून के तहत की गई छापेमारी के बाद एजेंसी ने दुबई, मारीशस और सिंगापुर की कंपनियों के 86.07 करोड़ रुपये के शेयर को भी जब्त करने का आदेश दिया।
एजेंसी ने हाल में इस मामले में कथित बिचौलिये और ब्रिटिश नागरिक क्रिस्टीन मिशेल के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। ईडी ने 2014 में मनी लांड्रिंग के तहत 21 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।