जानकारी के मुताबिक, ठाणे में रहने वाली एक युवती से 18 वर्षीय ओवैस अब्दुल रहीम खान का अफेयर चल रहा है। इसके चलते कुछ लोगों ने 23 जनवरी को उसे अगवा कर लिया और लड़की से ब्रेकअप करने के लिए कहा। ओवैस ने इनकार किया तो आरोपियों ने उसे जलती सिगरेट से दाग दिया। साथ ही, उसके प्राइवेट पार्ट पर लातें मारीं। तलवार और लोहे की रॉड से पीटा। इसके बाद भी आरोपियों का मन नहीं भरा तो उन्होंने युवक को पहाड़ी से धक्का दे दिया।
पीड़ित ने बताया कि पहाड़ी से गिरने के बाद उसने किसी तरह अपनी जान बचाई और अपने दोस्त को मदद के लिए बुला लिया। पुलिस का कहना है कि इस घटना में युवती का पिता मुख्य आरोपी है।
पहले भी दी गई थी धमकी
पुलिस के मुताबिक, युवती के पिता ने ओवैस को पहले भी कई बार धमकी दी थी। साथ ही, अपनी बेटी से रिलेशनशिप खत्म करने के लिए कहा था, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पिता ने अपने साथियों समेत ओवैस को अगवा कर लिया और उसे प्रताड़ित किया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में 30 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। हालांकि, अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।