केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में पिछले एक साल में आतंकवादी सीमा पार से 111 बार घुसपैठ करने में सफल रहे। केंद्र सरकार ने मंगलवार को लोकसभा में यह जानकारी दी। इस साल मार्च से अगस्त के बीच सुरक्षा बलों ने 138 आतंकियों को मार गिराया और 50 सुरक्षा कर्मी शहीद हुए।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने लोकसभा में यह जानकारी एकेपी चिनराज और एस जगतरक्षकण के एक प्रश्न के लिखित जवाब में दी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पिछले तीन दशक से भी अधिक समय से सीमापार से प्रायोजित और समर्थित आतंकवाद से प्रभावित रहा है।
रेड्डी ने कहा कि सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई है। इसी के परिणामस्वरूप इस साल एक मार्च से 31 अगस्त तक जम्मू-कश्मीर में 138 आतंकवादी मारे गए। इस अवधि के दौरान सीमापार से गोलीबारी में 50 सुरक्षा कर्मी भी शहीद हुए।