जम्मू और कश्मीर के शोपियां के अहगाम में आतंकियों ने पेट्रोलिंग कर रही सेना की गाड़ी पर ग्रेनेड से हमला कर दिया है। इस हमले मे एक जवान घायल हो गया है। पूरे क्षेत्र को बंद करके सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में एक आतंकवादी को मार गिराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कुपवाड़ा के जंगलों में गुरुवार देर रात से ही गोलीबारी शुरू हो गई थी। यह हमले ऐसे वक्त में हुए हैं जब राज्य में अमरनाथ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। शोपियां के अहगाम में सेना की एक पट्रोलिंग पार्टी गश्त पर निकली हुई थी। तभी आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला कर दिया। हमले में एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया है।
इलाके को खाली करा लिया गया है और जवाबी कार्रवाई जारी है। सेना ने सर्च ऑपरेशन भी शुरू कर दिया है। बता दें कि कुपवाड़ा में काफी समय से आतंकी घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। सेना ने 10 जून को उनको मुंहतोड़ जवाब देते हुए उनकी सभी साजिशों को नाकाम किया था। उस दौरान 6 आतंकी मार गिराए गए थे।
सर्जिकल स्ट्राइक का वीडियो वायरल
भारतीय सेना की तरफ से 21 महीने पहले पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर में घुसकर आतंकी शिविरों पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक का एक कथित वीडियो बुधवार को सामने आया। प्रमुख टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो को जम्मू-कश्मीर के उड़ी में सैन्य शिविर पर 18 सितंबर, 2016 को हुए आतंकी हमले में 20 भारतीय जवानों की शहादत के 11 दिन बाद 29 सितंबर को अमावस की अंधेरी रात में की गई सर्जिकल स्ट्राइक का बताया जा रहा है।
21 महीने पहले पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर में चल रहे आतंकी प्रशिक्षण शिविरों व उनके बेस कैंपों पर भारतीय सेना ने जबरदस्त हमला किया था। इस हमले में कई किलोमीटर तक पाक अधिकृत कश्मीर की सीमा में घुसने के बाद भारतीय कमांडो टीम कई आतंकी ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर सुरक्षित वापस भारतीय इलाके में लौट आई थी।
इस कार्रवाई के बाद अगले दिन जब विदेश मंत्रालय के तत्कालीन प्रवक्ता विकास स्वरुप और सेना के डीजीएमओ रणबीर सिंह ने दिल्ली में इस सर्जिकल स्ट्राइक की जानकारी मीडिया को दी थी तो पाकिस्तान ने ऐसे किसी हमले से ही इनकार कर दिया था। लेकिन बुधवार को सामने आए वीडियो को उसी स्ट्राइक का बताए जाने से पाकिस्तानी दावे की पोल एक बार फिर खुल गई है।