लुधियाना में कबाड़ के खाली गोदाम में ब्लास्ट
- फोटो : amar ujala
राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड यानी एनएसजी द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट में कहा गया है कि देश के कुछ हिस्सों में आतंकवादियों को "जनता का समर्थन" मिल रहा है। जब तक इस पर रोक नहीं लगाई जाएगी तब तक भारत आतंकवाद का सामना करता रहेगा।
देश में इस साल अप्रैल से जून के बीच हुए बम विस्फोटों पर सभी राज्यों से प्राप्त रिपोर्टों के विश्लेषणात्मक अध्ययन में आतंकवादियो द्वारा आयुध निर्माण फैक्ट्री में निर्मित विस्फोटकों के इस्तेमाल की बात सामने आई है। आयुध निर्माण फैक्ट्री से हथियारों और विस्फोटकों के लीकेज पर रिपोर्ट में चिंता जाहिर की गई है।
एनएसजी के एनबीडीसी (नेशनल बॉम्ब डेटा सेंटर) द्वारा तैयार की गई इस रिपोर्ट से यह बात निकलकर सामने आई है कि अधिकांश हमलों में आतंकियों के निशाने पर जनता थी, लेकिन देश के कुछ हिस्सों में आतंकियों को जनता का समर्थन मिल रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि आईईडी के इस्तेमाल को पूरी तरह बंद करने के लिए हमें गंभीरता पूर्वक प्रयास करने होंगे।