गुजरात में अलकायदा के तीन आतंकियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। खबर के मुताबिक तीनों युवक देश के खिलाफ साजिश और युवाओं को कट्टरपंथ की तरफ धकेलने के दोषी पाए गए हैं। राजकोट की सत्र अदालत ने 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जानिए पूरा मामला
गुजरात की एक अदालत ने पश्चिम बंगाल के तीन युवकों को देश के खिलाफ साजिश और युवाओं को कट्टरपंथ की ओर उकसाने के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई। तीनों अलकायदा से जुड़े हैं। अतिरिक्त सत्र जज आईबी पठान ने साफ किया कि ये सजा आखिरी सांस तक रहेगी। कोर्ट ने अमन सिराज मलिक (23), अब्दुल शकूर अली शेख (20) और शफनवाज अबू शाहिद (23) पर 10-10 रुपये का जुर्माना भी लगाया।
विज्ञापन
गुजरात में जिहादी प्रोपेगेंडा फैलाने के आरोप
तीनों राजकोट के सोनी बाजार में आर्टिफिशियल ज्वैलरी बनाने वाली यूनिट में काम करते थे और एक स्थानीय मस्जिद से सरकार विरोधी जिहादी प्रोपेगेंडा फैला रहे थे। गुजरात एटीएस ने जुलाई 2023 में इन्हें गिरफ्तार किया था। इस दौरान इनके पास से हथियार, कारतूस, कट्टरपंथी साहित्य, वीडियो और अन्य सामग्री बरामद हुई थी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर देता था निर्देश
आतंक निरोधक शाखा (एटीएस) के अनुसार, उनका सीधा संपर्क बांग्लादेश में बैठे अल-कायदा के हैंडलर से था, जो उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम और व्हाट्सएप पर निर्देश देता था। जांच में सामने आया कि तीनों युवाओं को जिहाद और हिजरत के नाम पर भड़काकर संगठन में भर्ती करने का काम कर रहे थे।
हिंसक गतिविधियों के लिए उकसाने की साजिश
अदालत में सरकारी वकील एसके वोरा ने साबित किया कि आरोपी मुस्लिम समुदाय के एक वर्ग को हिंसक गतिविधियों के लिए उकसाने की कोशिश कर रहे थे।