देश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है और कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और हालिया हीट इंडेक्स आंकड़ों के अनुसार उत्तर भारत और मध्य भारत के कई शहरों में रिकॉर्डतोड़ गर्मी दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश का बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
| शहर | राज्य/केंद्र शासित प्रदेश | अधिकतम तापमान |
|---|---|---|
| बांदा | उत्तर प्रदेश | 48.2°C |
| खजुराहो | मध्य प्रदेश | 47.4°C |
| श्रीगंगानगर | राजस्थान | 46.5°C |
| चंडीगढ़ | चंडीगढ़ | 46.0°C |
| झांसी | उत्तर प्रदेश | 46.0°C |
| जम्मू | जम्मू-कश्मीर | 46.0°C |
| आगरा | उत्तर प्रदेश | 45.0°C |
| ग्वालियर | मध्य प्रदेश | 45.0°C |
| कोटा | राजस्थान | 45.0°C |
| नई दिल्ली | दिल्ली | 44-45°C |
मौसम विभाग ने उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक कई राज्यों में हीट वेव, भीषण हीट वेव, गर्म और उमस भरे मौसम व गर्म रातों को लेकर चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून की आगे बढ़ने की स्थिति को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 22 से 27 मई के बीच कई इलाकों में हीट वेव से लेकर गंभीर हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है। पंजाब में भी इसी अवधि के दौरान लू चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने कई राज्यों में गर्म रातों को लेकर भी चेतावनी जारी की है। ओडिशा में 22 से 25 मई तक, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में 22 और 23 मई को, बिहार में 22 मई को व हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी 22 मई को रात के समय तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
इसके अलावा गंगीय पश्चिम बंगाल में 22 से 26 मई तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। ओडिशा में 22 से 27 मई तक व तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 23 से 27 मई तक उमस भरे मौसम की स्थिति रहने का अनुमान है।
तमिलनाडु में 15 से अधिक जिलों में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। चेन्नई में बुधवार को इस गर्मी का सबसे अधिक 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने तटीय तमिलनाडु और पुडुचेरी में हीटवेव जैसी स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है। वहीं 23 मई से तिरुवन्नामलाई, तिरुचिरापल्ली, सेलम, नमक्कल, वेल्लोर, तिरुपत्तूर और धर्मपुरी जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों में पुडुकोट्टई जिले के अरंथांगी में सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई।
इधर, मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर भी जानकारी दी है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर के शेष हिस्सों और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
वहीं पिछले दिन गुरुवार को लद्दाख में जोजिला दर्रे के आसपास के ऊंचे पहाड़ों पर बर्फ की चादर बिछ गई है। इस बेमौसम बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लद्दाख राष्ट्रीय राजमार्ग को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है। इस अचानक बदले मौसम ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस मार्ग पर यातायात को प्रभावित कर दिया है।