तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक महिला अपनी कार को रेलवे ट्रैक पर दौड़ाती हुई देखी गई। जानकारी के मुताबिक महिला ने करीब तीन किमी तक अपनी कार को रेलवे ट्रैक पर चलाया। इस दौरान कुछ राहगीरों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के पास शंकरपल्ली इलाके में गुरुवार सुबह एक अजीब घटना देखने को मिली, जब एक महिला अपनी कार को रेलवे ट्रैक पर चढ़ाकर करीब 3 किलोमीटर तक चलाती रही। इस घटना के कारण नागुलपल्ली और शंकरपल्ली के बीच ट्रेन सेवाएं कुछ समय के लिए रोकनी पड़ीं। मामले में रेलवे पुलिस ने बताया कि यह महिला उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली है और कुछ समय पहले तक हैदराबाद की एक आईटी कंपनी में काम कर रही थी। लेकिन हाल ही में उसकी नौकरी चली गई थी और वह मानसिक तनाव में दिख रही थी।
सुबह 6.30 बजे पहुंची थाने, फिर अचानक चली गई
जानकारी के अनुसार, महिला सुबह करीब 6.30 बजे हैदराबाद के नरसिंगी पुलिस स्टेशन में किसी शिकायत के साथ पहुंची थी, लेकिन कुछ ही देर में बिना कुछ बताए वहां से निकल गई। वह अपना बैग वहीं भूल गई थी, जिसे देखकर पुलिस उसकी तलाश करने लगी।
विज्ञापन
रेलवे ट्रैक पर गाड़ी चढ़ाई, लोगों पर पत्थर फेंके
करीब 7.30 बजे स्थानीय लोगों ने देखा कि एक सफेद कार नागुलपल्ली और शंकरपल्ली के बीच गेट नंबर 22 से रेलवे ट्रैक पर चढ़ गई। उन्होंने तुरंत रेलवे और पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। कार ट्रैक पर चलते-चलते एक जगह फंस गई, जहां रेलवे के कर्मचारी पहुंचे। लेकिन जब वे महिला के पास गए, तो उसने मास्क पहन रखा था और हाथ में लोहे की रॉड थी। उसने पास आने वालों पर पत्थर भी फेंके। अंत में रेलवे कर्मचारियों ने उसे काबू में कर लिया और शंकरपल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।
आधे घंटे तक रुकी ट्रेन सेवाएं
इस घटना के चलते रेलवे अधिकारियों ने नागुलपल्ली और शंकरपल्ली के बीच ट्रेनों की आवाजाही को करीब आधे घंटे तक रोक दिया। महिला के पकड़े जाने और कार हटाए जाने के बाद सुबह 8 बजे के आसपास सेवाएं दोबारा शुरू हुईं।
महिला जांच के लिए अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने बताया कि महिला को शारीरिक और मानसिक जांच के लिए शंकरपल्ली से चेवेला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला पुलिस कर्मियों को ड्यूटी करने से रोकने की कोशिश क्यों कर रही थी।